सहारनपुर में साइबर ठगी के शिकार व्यक्ति को पुलिस ने लौटाए 1 लाख रुपये, अब तक 5 लाख वापस

रिटायरमेंट बेनिफिट कार्ड बनवाने का झांसा देकर कृष्ण गोपाल शर्मा से 12.76 लाख रुपये की साइबर ठगी हुई थी। सहारनपुर साइबर क्राइम पुलिस ने अब तक 5 लाख रुपये वापस कराए।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। साइबर अपराधियों द्वारा रिटायरमेंट बेनिफिट कार्ड बनवाने का झांसा देकर 12 लाख 76 हजार 500 रुपये की ठगी के मामले में सहारनपुर साइबर क्राइम पुलिस ने पीड़ित को एक लाख रुपये वापस दिलाए हैं। इससे पहले भी पुलिस चार लाख रुपये की धनराशि वापस करा चुकी है। इस प्रकार पुलिस अब तक पीड़ित को कुल पांच लाख रुपये वापस दिलाने में सफल रही है।

पुलिस के अनुसार, माधव नगर की विष्णुधाम गली नंबर-2 निवासी कृष्ण गोपाल शर्मा पुत्र गंगाचरण शर्मा ने 9 जून 2026 को थाना साइबर क्राइम में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति ने खुद को किसी संस्थान अथवा विभाग का कर्मचारी बताकर रिटायरमेंट बेनिफिट कार्ड बनवाने का झांसा दिया। आरोपी ने उनसे बैंक कस्टमर आईडी और डेबिट कार्ड की जानकारी हासिल कर मोबाइल पर एक लिंक भेजा। इसके माध्यम से उनके बैंक खाते से 12 लाख 76 हजार 500 रुपये अवैध रूप से ट्रांसफर कर लिए गए।

मामले में थाना साइबर क्राइम पर मुकदमा संख्या 32/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 319(2) तथा आईटी एक्ट की धारा 66सी और 66डी में मुकदमा दर्ज किया गया था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर एवं नोडल अधिकारी साइबर अपराध तथा क्षेत्राधिकारी साइबर क्राइम के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक जावेद खान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी माध्यमों से कार्रवाई करते हुए पीड़ित के खाते में एक लाख रुपये वापस कराए। इससे पहले चार लाख रुपये भी वापस कराए जा चुके हैं।

खाते में धनराशि वापस आने पर पीड़ित कृष्ण गोपाल शर्मा ने सहारनपुर पुलिस और साइबर क्राइम थाना की टीम का आभार जताया।

धनराशि वापस कराने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक जावेद खान, विवेचक निरीक्षक पंकज कुमार गौतम, उपनिरीक्षक नीरज कुमार, हेड कांस्टेबल नितिन कुमार, निशांत, महिला हेड कांस्टेबल रुचि शर्मा एवं कांस्टेबल अरुण कुमार शामिल रहे।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य