विमल शर्मा
छुटमलपुर (सहारनपुर)। दीपावली एवं अन्य त्योहारों के मद्देनजर थाना फतेहपुर पुलिस ने छुटमलपुर के मुख्य बाजारों में यातायात व्यवस्था में बदलाव करते हुए वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित कर दी है। बाजारों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस ने प्रमुख तिराहों पर बैरिकेडिंग कर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने की पहल की है।
दरोगा सुबोध कुमार शर्मा के निर्देशन में पुलिस टीम ने मुख्य तिराहों पर बैरिकेड लगाकर पंजाबी मार्केट में वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद करा दी। इससे बाजार में खरीदारी के लिए पहुंच रहे लोगों को जाम और भीड़भाड़ से राहत मिली। दीपावली के चलते बाजारों में सजावट के सामान, मिठाइयों और पूजन सामग्री की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ उमड़ रही है। स्थानीय दुकानदारों और ग्राहकों ने पुलिस की इस व्यवस्था की सराहना की।
थाना फतेहपुर के नवनियुक्त थानाध्यक्ष नरेंद्र भड़ाना ने क्षेत्रवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए सावधानीपूर्वक आतिशबाजी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहार को आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं। किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने से बचें और अफवाहों का प्रचार-प्रसार करने वालों के संबंध में पुलिस को सूचना दें।
उन्होंने स्थानीय लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम अथवा स्थानीय पुलिस को दें। थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बिगाड़ने और अराजकता फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







