शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैया दूज के पावन अवसर पर मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार एवं जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने मंडल और जनपदवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी नागरिकों से पर्वों को हर्षोल्लास, आपसी प्रेम और सौहार्द के साथ मनाने के साथ ही पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने की अपील की।
मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि प्रकाश का यह पर्व सभी के जीवन में सुख, संपन्नता और सौभाग्य लेकर आए। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों को अपनी निगरानी में पूरी सावधानी के साथ इको फ्रेंडली दीपावली मनाने के लिए प्रेरित करें। त्योहारों की खुशियों के साथ पर्यावरण और सार्वजनिक स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी हम सभी की जिम्मेदारी है। नागरिक स्वच्छ, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल दीपावली मनाने का संकल्प लें।
उन्होंने कहा कि धनतेरस सभी के जीवन में आरोग्य और वैभव लाए, दीपावली परिवारों में नई उमंग और आशा का संचार करे, गोवर्धन पूजा प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाए तथा भैया दूज पारिवारिक रिश्तों में स्नेह और विश्वास को मजबूत करे। उन्होंने कामना की कि सहारनपुर मंडल की सांस्कृतिक समृद्धि, आर्थिक प्रगति और सामाजिक एकजुटता निरंतर आगे बढ़े तथा मंडल आपसी विश्वास और सामूहिक उन्नति के नए प्रतिमान स्थापित करे।
जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने कहा कि विजय और प्रकाश के पर्व को शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मिलजुलकर मनाएं। यह पर्व सभी के जीवन में नई ऊर्जा, प्रकाश, आरोग्य और समृद्धि लेकर आए। उन्होंने लोगों से पर्यावरण के प्रति सचेत रहने, सुरक्षित तरीके से दीपावली मनाने और पर्यावरण अनुकूल ग्रीन पटाखों का ही इस्तेमाल करने की अपील की।
जिलाधिकारी ने कहा कि त्योहारों की खुशियां समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचनी चाहिए। अपने आसपास रहने वाले जरूरतमंद, वंचित और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को भी उत्सव में सहभागी बनाएं। किसी जरूरतमंद के घर दीप जलाना और किसी के चेहरे पर मुस्कान लाना ही पर्वों की वास्तविक सार्थकता है। खुशियां तभी पूर्ण होती हैं, जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति स्वयं को सम्मानित, सुरक्षित और सहभागी महसूस करे।
उन्होंने नागरिकों से अनावश्यक आतिशबाजी से बचने तथा ध्वनि और वायु प्रदूषण कम करने में सहयोग देने की अपील की। साथ ही बच्चों, बुजुर्गों और अस्वस्थ व्यक्तियों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने, घरों, मोहल्लों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने का आह्वान किया। गोवर्धन पूजा के अवसर पर प्रकृति, जल, हरियाली और गोवंश संरक्षण के प्रति भी अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित सहारनपुर का निर्माण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
जिलाधिकारी ने कामना की कि धनतेरस प्रत्येक परिवार को उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि प्रदान करे, दीपावली हर घर से निराशा और अंधकार दूर कर नई उम्मीदें जगाए, गोवर्धन पूजा प्रकृति एवं जीव-जंतुओं के संरक्षण के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाए तथा भैया दूज भाई-बहन के रिश्तों में प्रेम और विश्वास को और प्रगाढ़ करे।







