शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सरसावा पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चंडीगढ़ मार्का की 14 पेटी शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब की तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्कोडा स्लाविया कार भी जब्त की है। बरामद शराब में विभिन्न ब्रांड की व्हिस्की शामिल है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अवैध शराब की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी नकुड़ के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष प्रवेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में 5 नवंबर को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की गई। सरसावा पुलिस ने ग्राम भिक्कनपुर चौराहे से हैदरपुर घाट की ओर जाने वाले रास्ते पर खेत के पास दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान गौतम कुमार निवासी ग्राम चतरशाली, थाना सरसावा और अश्वनी कुमार निवासी खजूरी अकबरपुर, थाना गागलहेड़ी के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से चंडीगढ़ मार्का की 14 पेटी शराब बरामद की। बरामदगी में 72 हाफ इम्पीरियल ब्लू व्हिस्की, 48 हाफ रॉयल स्टैग, 48 बोतल 999 पावर स्टार फाइन व्हिस्की, 72 अद्धे डिस्काउंट प्रीमियम व्हिस्की, 12 बोतल डिस्काउंट प्रीमियम व्हिस्की और 48 पव्वे डिस्काउंट प्रीमियम व्हिस्की शामिल हैं।
इसके अलावा पुलिस ने शराब की तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्कोडा स्लाविया कार भी बरामद की है। कार का पंजीकरण नंबर यूपी-17 डब्ल्यू-3355 है। पुलिस ने गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना सरसावा में मुकदमा अपराध संख्या 361/2026 दर्ज किया है। आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 63/72 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी गौतम कुमार के खिलाफ थाना जनकपुरी में धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेजों के इस्तेमाल और आबकारी अधिनियम से संबंधित मुकदमा पहले से दर्ज है। इसके अलावा वर्ष 2016 में थाना सरसावा में भी उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज हुआ था। वहीं अश्वनी कुमार के खिलाफ भी वर्ष 2022 में थाना जनकपुरी में आबकारी अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष प्रवेश कुमार शर्मा, उपनिरीक्षक देवेंद्रपाल तोमर, हेड कांस्टेबल ऋषिपाल, सम्राट सिंह, सुनील कुमार, कांस्टेबल रोहित कुमार और रिजर्व कांस्टेबल कासिम अहमद शामिल रहे।







