शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। जनता रोड स्थित भूमि ऑटोमोबाइल के हेड ऑफिस में सोमवार को आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में मुंबई फिल्म इंडस्ट्री के कई चर्चित कलाकारों ने भाग लिया। कार्यक्रम में अभिनेता शाहबाज खान, अर्जुन फिरोज खान, हरीश कुमार, मुश्ताक खान, अरुण बख्शी, अभिनेत्री चाहत पांडे तथा प्रसिद्ध कोरियोग्राफर पप्पू खन्ना ने शिरकत कर कंपनी के इलेक्ट्रिक वाहनों और अन्य उत्पादों का अवलोकन किया। इस दौरान कलाकारों ने इलेक्ट्रिक वाहनों को भविष्य की आवश्यकता बताते हुए पर्यावरण संरक्षण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने भूमि ऑटोमोबाइल के प्रोडक्ट हॉल का भ्रमण किया और कंपनी द्वारा विकसित इलेक्ट्रिक स्कूटी, ई-रिक्शा तथा अन्य उत्पादों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पूरी दुनिया स्वच्छ ऊर्जा और हरित परिवहन की दिशा में आगे बढ़ रही है। ऐसे में इलेक्ट्रिक वाहन न केवल ईंधन की बचत करते हैं, बल्कि प्रदूषण कम करने में भी महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।
अभिनेता अर्जुन फिरोज खान ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इलेक्ट्रिक स्कूटी और ई-रिक्शा तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं। कम लागत और आसान संचालन के कारण ये वाहन आम लोगों की जरूरत बनते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी देश की परिवहन व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा होगी।
कार्यक्रम में भूमि ऑटोमोबाइल के डायरेक्टर, भाजपा नेता एवं जिला पंचायत सदस्य रकम सिंह राणा ने अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया। उन्होंने कहा कि भूमि ऑटोमोबाइल देश में इलेक्ट्रिक वाहन क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान में कंपनी के 4000 से अधिक शोरूम देशभर में संचालित हो रहे हैं, जो इलेक्ट्रिक वाहनों के प्रति बढ़ते जनविश्वास का प्रमाण हैं।
रकम सिंह राणा ने कहा कि कंपनी का उद्देश्य केवल व्यवसाय नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और आम लोगों को किफायती परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना भी है। उन्होंने बताया कि भूमि ऑटोमोबाइल ऐसे उत्पाद विकसित कर रही है, जो मध्यम वर्ग और ग्रामीण परिवारों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किए गए हैं।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए अभिनेता शाहबाज खान, अरुण बख्शी और हरीश कुमार ने भूमि ऑटोमोबाइल की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि देश में इलेक्ट्रिक वाहनों का बढ़ता उपयोग ऊर्जा संरक्षण और स्वच्छ वातावरण की दिशा में सकारात्मक कदम है। कलाकारों ने विश्वास जताया कि कंपनी आने वाले समय में इलेक्ट्रिक वाहन क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
महाभारत धारावाहिक में अर्जुन की भूमिका निभा चुके अभिनेता फिरोज खान ने मीडिया को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताते हुए उसकी जिम्मेदारी और भूमिका की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि समाज और राष्ट्र निर्माण में मीडिया की भूमिका हमेशा महत्वपूर्ण रही है।
कार्यक्रम के दौरान फिल्मी सितारों को देखने और उनके साथ तस्वीरें खिंचवाने के लिए बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। उपस्थित लोगों ने कलाकारों के साथ सेल्फी लेकर कार्यक्रम को यादगार बनाया। अंत में मीडिया प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया और देशहित तथा पर्यावरण संरक्षण में सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर कंपनी के अधिकारी, कर्मचारी, व्यापारिक प्रतिनिधि एवं क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।








