महंगाई और पेपर लीक के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन

सहारनपुर में कांग्रेस ने महंगाई और पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन कर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। नेताओं ने जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।

सहारनपुर। बढ़ती महंगाई और विभिन्न भर्ती एवं प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही पेपर लीक की घटनाओं के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मोटरसाइकिल रैली निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की तथा राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट को सौंपा।

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत गुरुवार को बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता जिला कांग्रेस कार्यालय पर एकत्र हुए। इसके बाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष संदीप सिंह राणा और महानगर अध्यक्ष मनीष त्यागी के नेतृत्व में मोटरसाइकिल रैली निकाली गई। रैली रेलवे स्टेशन, कचहरी पुल और कोर्ट रोड से होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन किया और महंगाई तथा पेपर लीक के मुद्दे पर जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन के प्रतिनिधि नगर मजिस्ट्रेट को सौंपा गया। ज्ञापन में लगातार बढ़ रही महंगाई पर नियंत्रण करने, युवाओं के भविष्य से जुड़े भर्ती परीक्षा घोटालों की निष्पक्ष जांच कराने तथा शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की गई।

इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष संदीप सिंह राणा ने कहा कि देश के युवा लगातार पेपर लीक की घटनाओं से परेशान हैं और उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा जनता की आवाज उठाने का कार्य करती रही है और अन्याय के खिलाफ संघर्ष करना पार्टी की संस्कृति का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि ताकत का प्रदर्शन करना कांग्रेस की प्रवृत्ति नहीं है, लेकिन जनहित से जुड़े मुद्दों पर संघर्ष करना और न्याय की आवाज बुलंद करना पार्टी की प्राथमिकता है।

महानगर अध्यक्ष मनीष त्यागी ने कहा कि बढ़ती महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। घरेलू जरूरतों से लेकर शिक्षा और रोजगार तक हर क्षेत्र में लोग परेशान हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं के सपनों को पेपर लीक जैसी घटनाएं लगातार चोट पहुंचा रही हैं और सरकार इन मामलों में प्रभावी कार्रवाई करने में विफल साबित हुई है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि छात्र, युवा, किसान, मजदूर और मध्यम वर्ग आज आर्थिक दबाव झेल रहा है। रोजगार के अवसर कम हो रहे हैं और प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार गड़बड़ियां सामने आने से युवाओं में निराशा बढ़ रही है। कांग्रेस इन मुद्दों को सड़क से लेकर संसद तक उठाने का काम करेगी।

कार्यक्रम को प्रदेश सचिव प्रवीण चौधरी, राहत खलील, अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश महासचिव अरविंद पालीवाल, जिला उपाध्यक्ष नितिन शर्मा, जिला प्रवक्ता गणेश दत्त शर्मा, पूर्व महानगर अध्यक्ष वरुण शर्मा, सरदार चंद्रजीत सिंह निक्कू, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्वेता सैनी, इमरान कुरैशी, सत्यम संयम भूरियान और अक्षय कुमार सहित अनेक नेताओं ने संबोधित किया।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार से महंगाई पर प्रभावी नियंत्रण, युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी बनाने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य