Saharanpur News पुवांरका में भाजपा का जनकल्याण शिविर आयोजित, सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर लाभार्थियों को जोड़ा

सहारनपुर के पुवांरका विकास खंड में भाजपा द्वारा जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देकर लाभार्थियों को जागरूक किया गया। महापौर अजय सिंह ने विशेष संपर्क अभियान के तहत रात्रि प्रवास भी किया।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे जनसंपर्क एवं जनजागरण अभियान के अंतर्गत पुवांरका विकास खंड कार्यालय, जनता मार्ग चक हरेटी में एक भव्य जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनहितकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना तथा पात्र लाभार्थियों को इन योजनाओं से जोड़ना रहा।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर नागरिकों को सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। स्वास्थ्य विभाग से संबंधित स्टॉलों पर आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रम, टीकाकरण अभियान, पोषण अभियान, आयुष एवं योग स्वास्थ्य केंद्र तथा जन औषधि केंद्रों की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने उपस्थित लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श देने के साथ-साथ योजनाओं के लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया से भी अवगत कराया।

महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉलों पर सशक्त आंगनबाड़ी, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, कुपोषण मुक्त भारत अभियान, पोषण ट्रैकर, बाल विकास कार्यक्रम तथा गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान संतुलित आहार और बच्चों के समुचित विकास को लेकर भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कृषि विभाग के स्टॉल पर किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, कृषि तकनीकों और अन्य कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। वहीं युवा एवं उद्यमिता से जुड़े स्टॉलों पर आत्मनिर्भर भारत, स्टार्टअप इंडिया, डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया, वोकल फॉर लोकल तथा मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा महानगर अध्यक्ष शीतल विश्नोई ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों के दौरान देश में विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित हुए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए भाजपा कार्यकर्ता लगातार कार्य कर रहे हैं।

पूर्व विधायक जगपाल सिंह ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाएं गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक योजनाओं का लाभ लेने और पात्र व्यक्तियों को भी इनसे जोड़ने का आह्वान किया।

महानगर उपाध्यक्ष अमित गर्ग ने कहा कि जनकल्याण शिविरों के माध्यम से आमजन को योजनाओं की प्रत्यक्ष जानकारी मिल रही है, जिससे पात्र लोगों तक लाभ पहुंचाने में सहायता मिल रही है। शिविर में बड़ी संख्या में महिलाओं, किसानों, युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम के अंत में खंड विकास अधिकारी सोनिका चौधरी ने सभी अतिथियों, कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों का आभार व्यक्त किया और शिविर को सफल बनाने में सहयोग देने वालों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

इसी क्रम में भाजपा के विशेष संपर्क अभियान के तहत महापौर अजय सिंह ने शारदा मंडल क्षेत्र में वरिष्ठ कार्यकर्ताओं कल्याण सिंह रावत, राम भरोसे, पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा एवं अशोक श्रीवास्तव के यहां रात्रि प्रवास किया। इस दौरान चौपाल लगाकर क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों एवं आमजन से संवाद स्थापित किया गया तथा उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना गया।

कार्यक्रम में दुष्यंत यादव, नितिन परमार, ठाठ सिंह, विपिन शर्मा, राजकुमार कालड़ा, प्रदीप शर्मा, स्वराज सैनी, विजय चौहान, बिजेंद्र धीमान, अमित शर्मा, संदीप धीमान, नीरज माहेश्वरी, बसंत कश्यप, विपिन राणा, वीरेंद्र पुंडीर, शुभम यादव, अरुण यादव सहित अनेक वरिष्ठ एवं युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य