समूह सखी महिलाओं ने मानदेय बढ़ाने की मांग उठाई, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

सहारनपुर में जनता देश संगठन के नेतृत्व में समूह सखी महिलाओं ने मानदेय बढ़ाने और समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर सम्मानजनक मानदेय की मांग की गई।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत कार्यरत समूह सखी महिलाओं ने अपने मानदेय में वृद्धि और विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर सोमवार को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। जनता देश संगठन के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पहुंचीं समूह सखी महिलाओं ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को सौंपते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की।

जनता देश संगठन के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश कुमार (फौजी) के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में महिलाओं ने कहा कि वे वर्षों से ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें मात्र 800 रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जा रहा है, जो वर्तमान महंगाई और आर्थिक परिस्थितियों के अनुरूप बेहद कम है।

मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन में कहा गया कि समूह सखी महिलाएं गांव-गांव जाकर स्वयं सहायता समूहों को मजबूत करने, महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने, सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने तथा विभिन्न विभागों के कार्यों में सहयोग प्रदान करती हैं। इसके बावजूद उनके मानदेय में लंबे समय से कोई वृद्धि नहीं की गई है। महिलाओं का कहना है कि उनसे लगातार जिम्मेदारियां बढ़ाई जा रही हैं, लेकिन आर्थिक रूप से उन्हें पर्याप्त सम्मान नहीं मिल रहा।

जनता देश संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि संगठन पिछले 22 महीनों से समूह सखी महिलाओं के हितों की लड़ाई लड़ रहा है। इसी क्रम में 28 दिसंबर 2025 को उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को भी ज्ञापन सौंपा गया था। उस समय शीघ्र समाधान का आश्वासन मिला था, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय सामने नहीं आया है। इससे समूह सखी महिलाओं में निराशा बढ़ रही है।

संगठन ने सरकार से मांग की है कि समूह सखी महिलाओं के मानदेय में सम्मानजनक वृद्धि की जाए तथा उनकी सेवा शर्तों और अन्य समस्याओं का भी समाधान किया जाए। पदाधिकारियों का कहना है कि ग्रामीण विकास और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में समूह सखी महिलाओं का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए उनके हितों की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए।

इस अवसर पर राष्ट्रीय महासचिव एवं महिला विंग की अध्यक्षा एडवोकेट पिंकी पवन शिंदे, मुख्य सलाहकार राजेश्वर दास सैनी, प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बर्मन, महिला विंग की प्रदेश अध्यक्षा एवं समूह सखी संघर्ष समिति की अध्यक्षा बबीता कश्यप, जिला अध्यक्ष सौरभ सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष बॉबी कुमार सिंह, जिला उपाध्यक्ष अर्जुन सिंह सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, समूह सखी महिलाएं और संगठन के सदस्य उपस्थित रहे।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रदेश सरकार समूह सखी महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द उचित कदम उठाएगी।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य