शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। सहारनपुर क्रिएटर प्रीमियर लीग (सीपीएल)-2026 अपने निर्णायक दौर में पहुंच चुकी है। प्रतियोगिता के छठे दिन क्रिकेट प्रेमियों को ऐसा रोमांचक मुकाबला देखने को मिला जिसने दर्शकों को आखिरी गेंद तक अपनी सीटों से बांधे रखा। प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में देहात विधानसभा क्षेत्र के विधायक आशु मलिक पहुंचे। उनके साथ समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष अब्दुल वाहिद, वरिष्ठ सपा नेता अब्दुल गफूर, सरसावा ब्लॉक प्रमुख, पार्षद अहमद मलिक सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी, ग्राम प्रधान और क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
मैदान पर पहुंचने के बाद विधायक आशु मलिक का आयोजन समिति द्वारा स्वागत किया गया। इसके बाद उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और टॉस कर मैच का शुभारंभ कराया। खिलाड़ियों से बातचीत करते हुए उन्होंने उनका उत्साहवर्धन किया तथा खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का संदेश दिया।
दिन का पहला मुकाबला थंडर टाइटन्स और शहरी चौपाल वॉरियर्स के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए थंडर टाइटन्स ने निर्धारित ओवरों में 126 रन बनाकर शहरी चौपाल वॉरियर्स के सामने चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी शहरी चौपाल वॉरियर्स ने शुरुआत से ही संघर्षपूर्ण खेल का प्रदर्शन किया और मुकाबले को लगातार रोमांचक बनाए रखा।
मैच का असली रोमांच अंतिम ओवर में देखने को मिला, जब जीत-हार का फैसला आखिरी गेंद पर आकर टिका। अंतिम गेंद पर शहरी चौपाल वॉरियर्स को जीत के लिए सात रन की आवश्यकता थी। बल्लेबाज ने दबाव के बीच शानदार छक्का लगाया, लेकिन टीम लक्ष्य से एक रन पीछे रह गई और थंडर टाइटन्स ने बेहद रोमांचक मुकाबले में एक रन से जीत दर्ज कर ली। मैच समाप्त होने के बाद भी दर्शकों के बीच इस रोमांचक मुकाबले की चर्चा होती रही।
इस अवसर पर विधायक आशु मलिक ने खिलाड़ियों और दर्शकों को संबोधित करते हुए कहा कि सीपीएल-2026 जैसे आयोजन युवाओं की प्रतिभा को निखारने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बड़ी संख्या में युवा मोबाइल और सोशल मीडिया में व्यस्त रहते हैं, जिसके कारण उनकी शारीरिक गतिविधियां कम होती जा रही हैं। ऐसे में अर्पित मिड्ढा और उनकी टीम द्वारा युवाओं को खेल मैदान तक लाने का प्रयास सराहनीय है।
उन्होंने कहा कि खेल केवल मनोरंजन नहीं बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त माध्यम हैं। खेलों से अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और संघर्ष का जज्बा विकसित होता है। उन्होंने कहा कि आज के युवाओं को खेलों से जोड़ना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है, क्योंकि खेल उन्हें फिट रखने के साथ-साथ नशे और अन्य सामाजिक बुराइयों से भी दूर रखते हैं।
अपने संबोधन में आशु मलिक ने कहा कि “2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बन रही है और सरकार बनने के बाद युवाओं के लिए खेल सुविधाओं का बड़े स्तर पर विस्तार किया जाएगा। देहात विधानसभा क्षेत्र में जगह-जगह खेल मैदान विकसित कराने, खिलाड़ियों को बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने और ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। हमारा उद्देश्य युवाओं को बेहतर मंच देना और उन्हें प्रदेश व देश स्तर पर पहचान दिलाना है।”
उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि सीपीएल-2026 सहारनपुर में खेल संस्कृति को मजबूत करने का कार्य कर रही है। ऐसे आयोजन युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ-साथ जिले की नई प्रतिभाओं को सामने लाने का भी माध्यम बन रहे हैं। उन्होंने आयोजन समिति और विशेष रूप से अर्पित मिड्ढा के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन लगातार होने चाहिए ताकि अधिक से अधिक युवा खेलों से जुड़ सकें।
दिन का दूसरा मुकाबला सहारनपुर लवर्स और प्रिंस कपिल चैलेंजर्स के बीच खेला गया। टॉस जीतकर प्रिंस कपिल चैलेंजर्स ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम ने निर्धारित 10 ओवरों में शानदार प्रदर्शन करते हुए 115 रन बनाए और सहारनपुर लवर्स के सामने 116 रनों का लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सहारनपुर लवर्स की टीम निर्धारित 10 ओवरों में लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी और उसे हार का सामना करना पड़ा। प्रिंस कपिल चैलेंजर्स ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया तथा फाइनल में प्रवेश करने की अपनी दावेदारी मजबूत कर ली।
दिन के दोनों मुकाबलों में थंडर टाइटन्स और प्रिंस कपिल चैलेंजर्स ने जीत दर्ज कर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। अब दोनों टीमें सीपीएल-2026 के भव्य फाइनल मुकाबले में आमने-सामने होंगी। क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें अब फाइनल मुकाबले पर टिकी हैं, जहां दोनों टीमों के बीच खिताब के लिए जोरदार टक्कर देखने को मिलेगी।
पूरे टूर्नामेंट में अब तक खेले गए मुकाबलों में यह मैच सबसे रोमांचक और यादगार साबित हुआ। मैच के दौरान दर्शकों का उत्साह बनाए रखने में कमेंटेटर अनहद की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अनहद ने अपनी शानदार कमेंट्री, सटीक विश्लेषण और ऊर्जावान अंदाज से पूरे मुकाबले को और अधिक रोमांचक बना दिया। खासकर अंतिम ओवरों में उनकी जोशीली कमेंट्री ने मैदान में मौजूद दर्शकों के साथ-साथ खिलाड़ियों का भी उत्साह बढ़ाया। मैच के हर उतार-चढ़ाव को उन्होंने बेहद प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया, जिसकी खिलाड़ियों और दर्शकों ने भी सराहना की। टूर्नामेंट के आयोजकों ने कहा कि अनहद की बेहतरीन कमेंट्री ने सीपीएल-2026 को एक अलग पहचान देने का काम किया है।
सीपीएल-2026 के रोमांचक मुकाबलों ने शहर के क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह पैदा कर दिया है। फाइनल मुकाबले को लेकर खिलाड़ियों, आयोजकों और दर्शकों में विशेष उत्सुकता देखी जा रही है। खेल प्रेमियों को उम्मीद है कि प्रतियोगिता का समापन भी इसी तरह रोमांच और उत्साह से भरपूर होगा।








