Saharanpur Under-12 Cricket Summer Cup 2026: सवेरा क्रिकेट एकेडमी बनी चैंपियन, रोमांचक फाइनल में पंवार एकेडमी को हराया

सहारनपुर के अंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित अंडर-12 क्रिकेट समर कप 2026 का खिताब सवेरा क्रिकेट एकेडमी ने पंवार क्रिकेट एकेडमी को हराकर जीता। एसडीसीए सचिव यशपाल सिंह ने विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया।

शहरी चौपाल ब्यूरो

सहारनपुर । सहारनपुर के डॉ. भीमराव अंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित चार दिवसीय अंडर-12 क्रिकेट समर कप-2026 का शानदार समापन सवेरा क्रिकेट एकेडमी की खिताबी जीत के साथ हुआ। रोमांचक फाइनल मुकाबले में सवेरा क्रिकेट एकेडमी ने पंवार क्रिकेट एकेडमी को 24 रनों से हराकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली। प्रतियोगिता में जिले की छह टीमों ने हिस्सा लिया और पूरे टूर्नामेंट के दौरान युवा खिलाड़ियों ने अपने खेल कौशल से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि सहारनपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (एसडीसीए) के सचिव यशपाल सिंह रहे। उनके साथ संयुक्त सचिव ऋषि चौधरी, यूपीसीए चैलेंजर कमेटी के सदस्य साजिद उमर, डॉ. शाहकार तथा क्रिकेट कोच आदिल भी मौजूद रहे। अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और पुरस्कार प्रदान कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

मुख्य अतिथि यशपाल सिंह ने कहा कि जमीनी स्तर पर आयोजित होने वाली प्रतियोगिताएं ही भविष्य के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की नींव तैयार करती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन, समर्पण और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया तथा टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए कोच प्रीति मेहरा की सराहना की।

फाइनल मुकाबले में पंवार क्रिकेट एकेडमी के कप्तान अमरीत पांचाल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। पहले बल्लेबाजी करते हुए सवेरा क्रिकेट एकेडमी ने 19.4 ओवर में 163 रन बनाए। टीम की ओर से राघव ने 27 गेंदों पर शानदार 42 रन की पारी खेली। पंवार एकेडमी के गेंदबाज आदित्य रावत ने चार ओवर में 25 रन देकर तीन विकेट हासिल किए।

164 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंवार क्रिकेट एकेडमी की टीम 18.3 ओवर में 139 रन पर सिमट गई। कप्तान अमरीत पांचाल ने 23 गेंदों पर 44 रन बनाकर संघर्ष किया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। सवेरा एकेडमी के गेंदबाज अनमोल ने चार ओवर में मात्र नौ रन देकर तीन विकेट चटकाए और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

अनमोल को मैन ऑफ द मैच जबकि अमरीत पांचाल को फाइटर ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया गया। प्रतियोगिता के आयोजन में अवनी स्पोर्ट्स का विशेष सहयोग रहा।

समापन अवसर पर क्रिकेट कोच प्रीति मेहरा, ललित पंवार, अजीम, आदिल, रमीज, अंकित कश्यप, प्रतिज्ञा, गीत चौहान, राधिका, नैन्सी, सिम्स, शिवांशी, विराट, आर्यन, अब्दुल्ला, आयुष सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, अभिभावक और खेल प्रेमी मौजूद रहे। आयोजकों ने भविष्य में भी इस प्रकार की प्रतियोगिताओं के माध्यम से जिले की युवा क्रिकेट प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य