शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। टेक्सटाइल प्रीमियर लीग (एटीपीएल-2026) का भव्य समापन रोमांच और उत्साह से भरपूर फाइनल मुकाबले के साथ हुआ। प्रतियोगिता के फाइनल में टेक्सटाइल स्ट्राइकर्स ने दमदार प्रदर्शन करते हुए टेक्सटाइल रॉयल्स को पराजित कर चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम कर ली। पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों के उत्कृष्ट खेल और दर्शकों के जबरदस्त उत्साह ने आयोजन को यादगार बना दिया।
फाइनल मुकाबले के मुख्य अतिथि नगर विधायक राजीव गुंबर ने दोनों टीमों के कप्तानों के साथ टॉस कराया। टॉस जीतने के बाद टेक्सटाइल स्ट्राइकर्स ने पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया। उनकी रणनीति पूरी तरह सफल रही और टेक्सटाइल रॉयल्स की टीम निर्धारित ओवरों में केवल 99 रन ही बना सकी। स्ट्राइकर्स के गेंदबाजों ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए विपक्षी बल्लेबाजों को बड़े शॉट खेलने का अवसर नहीं दिया।
100 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टेक्सटाइल स्ट्राइकर्स ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। बल्लेबाजों ने तेज़ रन गति बनाए रखते हुए मात्र छह ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया और शानदार जीत दर्ज करते हुए एसटीपीएल-2026 की ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया। जीत के साथ ही मैदान तालियों और उत्साह से गूंज उठा।
पुरस्कार वितरण समारोह में विधायक राजीव गुंबर ने विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि सहारनपुर का टेक्सटाइल उद्योग केवल व्यापार तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक, सांस्कृतिक और खेल गतिविधियों में भी अग्रणी भूमिका निभा रहा है। ऐसे आयोजन उद्योग जगत और समाज के बीच आपसी भाईचारे को मजबूत करते हैं। उन्होंने आयोजन समिति को सफल प्रतियोगिता के लिए बधाई देते हुए भविष्य में भी हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
फाइनल मुकाबले को देखने के लिए खेल प्रेमियों का अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। मैदान में लगाई गई सभी कुर्सियां भर गईं और बड़ी संख्या में लोगों ने खड़े होकर पूरा मैच देखा। चौकों, छक्कों और विकेटों पर दर्शकों की जोरदार तालियों ने पूरे माहौल को रोमांचक बना दिया। अंतिम क्षण तक दर्शकों का उत्साह चरम पर रहा।
आयोजन समिति के पंकज धमीजा, विवेक बजाज, हैप्पी गिरधर, सागर गिरधर, ईशान अरोड़ा और संयम सेठ ने विजेता एवं उपविजेता टीमों के साथ प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया। समिति ने सभी खिलाड़ियों, अतिथियों और खेल प्रेमियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आने वाले वर्षों में इस प्रतियोगिता को और अधिक भव्य स्तर पर आयोजित किया जाएगा।
टेक्सटाइल प्रीमियर लीग का यह फाइनल न केवल खेल का रोमांच लेकर आया, बल्कि टेक्सटाइल उद्योग से जुड़े लोगों की एकजुटता, खेल भावना और सामाजिक सहभागिता का भी शानदार उदाहरण बनकर सामने आया।








