विवेक जैन
नई दिल्ली ( दैनिक शहरी चौपाल )। श्री पहाड़ी माता विकास ट्रस्ट, दिल्ली के तत्वावधान में आयोजित श्री पहाड़ी माता जी का नवम वार्षिकोत्सव रविवार को रोहिणी स्थित गोल्डन एप्पल टेंट क्रिस्टल हॉल में भक्ति, श्रद्धा और धार्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर दिल्ली, एनसीआर और आसपास के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचे तथा मां पहाड़ी के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और मंगलमय जीवन की कामना की।
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान से पूजन-अर्चन के साथ हुआ। इसके उपरांत आचार्य विजेंद्र चौहान ने मंगल पाठ कर श्रद्धालुओं को सनातन संस्कृति, धर्म और भारतीय परंपराओं का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन समाज को एकजुट करने और संस्कारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं।
भजन संध्या में प्रसिद्ध भजन गायक नरेश सैनी तथा प्रिंस जैन एवं शुभम रिठालिया ने मां की महिमा का गुणगान करते हुए एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी। मधुर भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूम उठे और पूरा पंडाल “जय माता दी” के जयघोष से गूंज उठा। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ संकीर्तन, मेहंदी, गजरा, भव्य निशान यात्रा, चुनरी अर्पण तथा विशेष श्रृंगार उत्सव में भाग लिया।
वार्षिकोत्सव की विशेष आकर्षण माता रानी का 56 भोग रहा। ट्रस्ट से जुड़े परिवारों की महिलाओं ने अपने-अपने घरों में श्रद्धा से विभिन्न प्रकार के व्यंजन तैयार कर माता रानी को अर्पित किए। इसके बाद महाप्रसाद का वितरण किया गया, जिसे हजारों श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक ग्रहण कर मां का आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं ने बताया कि श्री पहाड़ी माता धाम हरियाणा के भिवानी जनपद में ढिगावा से लगभग 12 किलोमीटर दूर एक पहाड़ी पर स्थित है। यह प्राचीन सिद्धपीठ पांडवकालीन इतिहास से जुड़ा माना जाता है और वर्षों से लाखों श्रद्धालुओं की अटूट आस्था का केंद्र बना हुआ है। मान्यता है कि सच्चे मन से मां के दरबार में की गई प्रार्थना अवश्य स्वीकार होती है।
दिल्ली में रहने वाले पहाड़ी माता के भक्त प्रतिवर्ष इस वार्षिकोत्सव का भव्य आयोजन करते हैं। हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु दिल्ली से निशान लेकर श्री पहाड़ी माता धाम की पदयात्रा एवं दर्शन के लिए भी रवाना होते हैं। इस आयोजन का उद्देश्य धार्मिक परंपराओं का संरक्षण, सामाजिक समरसता और युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कृति से जोड़ना है।
समापन अवसर पर श्री पहाड़ी माता विकास ट्रस्ट, दिल्ली के पदाधिकारियों ने कार्यक्रम में पधारे सभी श्रद्धालुओं, अतिथियों, कलाकारों, सहयोगियों एवं स्वयंसेवकों का हार्दिक स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। ट्रस्ट ने कहा कि सभी के सहयोग से ही यह धार्मिक आयोजन हर वर्ष अधिक भव्य और सफल बन रहा है तथा भविष्य में भी इसी प्रकार श्रद्धा और सेवा भाव के साथ इसका आयोजन जारी रहेगा।








