शहरी चौपाल ब्यूरो
चौसाना (शामली)। मेरठ-करनाल हाईवे पर सोमवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा उस समय टल गया, जब सीमेंट से भरा एक ट्रक अचानक सामने आई कार को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गया। हादसे में ट्रक चालक सुरक्षित बच गया, लेकिन ट्रक में लदे करीब 350 सीमेंट के कट्टे सड़क पर बिखर जाने से व्यवसायी को लाखों रुपये के नुकसान का सामना करना पड़ा। घटना के बाद कुछ समय तक हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।

जानकारी के अनुसार करनाल से शामली की ओर जा रहा ट्रक (एचआर-45-सी-6590) करीब 350 कट्टे सीमेंट लेकर रवाना हुआ था। सोमवार सुबह लगभग सात बजे ट्रक यमुना पुल पार कर बिड़ौली के निकट पहुंचा। इसी दौरान मंगलौरा मार्ग की ओर से अचानक एक कार सामने आ गई। ट्रक चालक अवतार सिंह ने संभावित टक्कर टालने के लिए वाहन को मोड़ने का प्रयास किया, लेकिन अचानक बने हालात में ट्रक अनियंत्रित हो गया। ट्रक पहले डिवाइडर से टकराया और फिर सड़क पर पलट गया।
हादसे के बाद ट्रक में लदा सीमेंट सड़क पर बिखर गया। कई कट्टे फट जाने से उनमें भरा सीमेंट खराब हो गया, जिससे सीमेंट व्यवसायी को भारी आर्थिक नुकसान हुआ। घटना की सूचना मिलते ही संबंधित लोगों ने मौके पर मजदूरों को बुलाया। सुरक्षित बचे सीमेंट के कट्टों को दूसरे वाहन में लादकर गंतव्य के लिए रवाना किया गया, जबकि क्षतिग्रस्त ट्रक को हटाने और सड़क पर फैले सीमेंट को साफ कराने का कार्य भी शुरू कराया गया।
कुछ समय तक हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा, हालांकि बाद में मार्ग को साफ कर यातायात सामान्य करा दिया गया। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और चालक भी सुरक्षित बच गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मेरठ-करनाल हाईवे के इस हिस्से में अचानक वाहनों के सामने आने की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। उनका कहना है कि इस स्थान पर अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम, स्पष्ट संकेतक और यातायात नियंत्रण के प्रभावी उपाय किए जाने चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।









