शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। श्रावण मास के प्रथम सोमवार और कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं दुर्घटनारहित संपन्न कराने के लिए सहारनपुर पुलिस लगातार सघन अभियान चला रही है। इसी क्रम में थाना चिलकाना पुलिस ने कांवड़ मार्ग पर बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना वैध प्रपत्रों के परिवहन कर रहे कुल पांच वाहनों को सीज कर दिया। कार्रवाई के दौरान दो पिकअप वाहनों में मुर्गों का परिवहन किया जा रहा था, जबकि तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियां बिना नंबर प्लेट के मिट्टी ढोते हुए पकड़ी गईं।

यह कार्रवाई जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। अभियान का उद्देश्य कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना, दुर्घटनाओं पर रोक लगाना तथा शासन के निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करना है।
थानाध्यक्ष विनोद कुमार के नेतृत्व में थाना चिलकाना पुलिस कांवड़ मार्ग पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान अंबाला-यमुनानगर (हरियाणा) की ओर से आ रहे दो पिकअप वाहन संख्या UP11 ET 0041 एवं UP11 DT 9409 को रोककर जांच की गई। तलाशी के दौरान दोनों वाहनों में बड़ी संख्या में मुर्गे लदे मिले।
पुलिस ने वाहन चालकों से परिवहन एवं वाहन संबंधी आवश्यक दस्तावेज मांगे, लेकिन वे वैध प्रपत्र प्रस्तुत नहीं कर सके। श्रावण मास में मांस विक्रय एवं परिवहन से संबंधित लागू प्रतिबंधों और दस्तावेजों के अभाव को देखते हुए दोनों पिकअप वाहनों को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर थाना परिसर में खड़ा करा दिया गया। पुलिस ने इस संबंध में राजस्व विभाग को भी रिपोर्ट भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इसी अभियान के दौरान पुलिस ने कांवड़ मार्ग पर बिना नंबर प्लेट के मिट्टी से भरी तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को भी रोककर जांच की। जांच में चालक ट्रैक्टरों से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस ने बताया कि जिलाधिकारी के आदेशानुसार 29/30 जुलाई से 11 अगस्त 2026 की रात्रि तक कांवड़ यात्रा के दौरान खनन संबंधी वाहनों के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध लागू है।
प्रतिबंध के बावजूद मिट्टी का परिवहन करते पाए जाने पर महिंद्रा कंपनी के दो तथा सोनालीका कंपनी के एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर थाना परिसर में खड़ा कराया गया। पुलिस ने मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही, नियमों के उल्लंघन या अवैध परिवहन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पूरे कांवड़ मार्ग पर लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है और संदिग्ध वाहनों की गहन जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष विनोद कुमार, उपनिरीक्षक रवि कुमार, हेड कांस्टेबल विवेक कुमार तथा कांस्टेबल विपिन नैन शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा समाप्त होने तक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को लेकर इसी प्रकार सख्त अभियान जारी रहेगा।








