श्रवण शर्मा
सहारनपुर। जनपद में अपराध और गौकशी पर शिकंजा कसने के अभियान के तहत गंगोह थाना पुलिस ने बुधवार देर रात एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस मुठभेड़ के बाद एक शातिर गौकश को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक जिंदा गोवंश, अवैध तमंचा, कारतूस, कुल्हाड़ी, चाकू, रस्सी, तराजू और बाट बरामद किए हैं। जबकि उसके चार साथी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस की लगातार कॉम्बिंग जारी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनपदभर में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक गंगोह और उपनिरीक्षक बिलेश कुमार सिसौदिया अपनी टीम के साथ सिराजपुर तिराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बिशनगढ़ से यमुना नदी की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर कुछ लोग एक गोवंश को ले जाकर काटने की तैयारी कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां पांच लोग रस्सी से गोवंश को बांधकर खड़े थे। पुलिस ने उन्हें आत्मसमर्पण के लिए ललकारा तो आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश की पहचान अखलाक पुत्र अल्लाबंदा निवासी ग्राम हलवाना, थाना गंगोह के रूप में हुई।
पुलिस ने घायल आरोपी को तत्काल हिरासत में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंगोह में भर्ती कराया। उसके कब्जे से एक तमंचा .315 बोर, एक जिंदा व एक खोखा कारतूस, एक कुल्हाड़ी, दो चाकू, एक रस्सी, एक तराजू, एक किलो एवं आधा किलो के बाट तथा एक जिंदा गोवंश बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से गोवंश को सुरक्षित कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी एक शातिर अपराधी है और उसके विरुद्ध पहले से गौकशी, गैंगस्टर, आर्म्स एक्ट तथा चोरी जैसे कई मुकदमे दर्ज हैं। फरार चार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और क्षेत्र में सघन कॉम्बिंग अभियान चलाया जा रहा है।
सहारनपुर पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराध, गौकशी और संगठित अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। वरिष्ठ अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।








