Saharanpur Kanwar Yatra 2026: कांवड़ मार्गों पर नगर निकायों की व्यापक तैयारी, 174 सफाईकर्मी और 45 वाटर टैंकर तैनात

सहारनपुर में कांवड़ यात्रा-2026 के लिए नगर निकायों ने व्यापक तैयारियां पूरी कीं। 174 सफाई कर्मचारी, 76 अतिरिक्त कर्मी, 107 शौचालय, 45 मोबाइल वाटर टैंकर और 93 सीसीटीवी कैमरों के जरिए श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान लाखों शिवभक्तों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सहारनपुर जिला प्रशासन ने नगर निकायों के माध्यम से व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं। जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) एवं प्रभारी अधिकारी (स्थानीय निकाय) संतोष बहादुर सिंह के नेतृत्व में कांवड़ मार्गों पर स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, कूड़ा निस्तारण और सुरक्षा संबंधी तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया है।

अपर जिलाधिकारी संतोष बहादुर सिंह ने बताया कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले ही नगर पालिका परिषदों और नगर पंचायतों द्वारा मार्गों के किनारे उगी घास एवं झाड़ियों की कटाई-छंटाई कराकर विशेष सफाई अभियान चलाया गया। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मार्गों पर लगी स्ट्रीट लाइटों की जांच कर उन्हें सुचारु कराया गया तथा विद्युत पोलों पर आवश्यक सुरक्षा उपाय भी सुनिश्चित किए गए हैं, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे।

उन्होंने बताया कि कांवड़ मार्गों की नियमित सफाई के लिए 174 सफाई कर्मचारियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा अस्थायी शौचालयों की साफ-सफाई एवं रखरखाव के लिए 76 अतिरिक्त सफाई कर्मियों को लगाया गया है। सभी कर्मचारियों को रिफ्लेक्टिव जैकेट उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे वे रात के समय भी सुरक्षित तरीके से अपनी ड्यूटी कर सकें।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नगर निकायों द्वारा 65 पुरुष शौचालय और 42 महिला शौचालय संचालित किए जा रहे हैं। वहीं पेयजल व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए कांवड़ मार्गों पर हैंडपंप, वाटर कूलर और 45 मोबाइल वाटर टैंकर लगाए गए हैं, जो लगातार पानी की आपूर्ति कर रहे हैं। इसके अलावा मार्गों पर पर्याप्त संख्या में डस्टबिन स्थापित किए गए हैं ताकि स्वच्छता बनी रहे।

कांवड़ शिविरों और मार्गों से निकलने वाले कचरे के त्वरित उठान और निस्तारण के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली, हॉपर, टिपर वाहन, चालक और अन्य कर्मचारियों की तैनाती की गई है। प्रशासन का लक्ष्य है कि यात्रा के दौरान कहीं भी गंदगी या अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न होने पाए।

सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए नगर निकाय क्षेत्रों के प्रमुख मार्गों, बाजारों और चौराहों पर लगाए गए 93 सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है। साथ ही कंट्रोल रूम से चौबीसों घंटे व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग की जा रही है, जिससे किसी भी समस्या का तुरंत समाधान किया जा सके।

जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने कांवड़ यात्रा की तैयारियों की नियमित समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि यात्रा अवधि तक सभी व्यवस्थाओं की सतत निगरानी, प्रभावी क्रियान्वयन और समयबद्ध अनुश्रवण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर उसका तत्काल निस्तारण किया जाए, ताकि सहारनपुर से गुजरने वाले प्रत्येक शिवभक्त को सुरक्षित, स्वच्छ और सुगम यात्रा का अनुभव मिल सके।

जिला प्रशासन का कहना है कि पुलिस, नगर निकाय, स्वास्थ्य, विद्युत और अन्य संबंधित विभागों के समन्वय से कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य