Saharanpur News: 95 साल के बाबा को कांवड़ में बैठाकर हरिद्वार पहुंचे पोते, गंगाजल के साथ कराई तीर्थ यात्रा

नानौता में 95 वर्षीय बाबा फूल सिंह को कांवड़ के एक पलड़े में बैठाकर पोते हरिद्वार पहुंचे। गंगाजल के साथ बाबा को लेकर लौटे पोतों का लोगों ने स्वागत किया।

 

फैय्याज अली आब्दी

नानौता। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धा और भक्ति के एक से बढ़कर एक नजारे देखने को मिल रहे हैं। इसी क्रम में नानौता में सोमवार को एक ऐसी अनोखी कांवड़ देखने को मिली, जिसने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। सांगाठेड़ा गांव के युवकों ने अपने 95 वर्षीय बाबा को कांवड़ में बैठाकर हरिद्वार की तीर्थ यात्रा कराई। कांवड़ के एक पलड़े में गंगाजल और दूसरे पलड़े में बाबा को बैठाकर पोते अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए।

बताया गया कि सांगाठेड़ा निवासी अनुज, निटू, सागर, अमन और अंकुश अपने 95 वर्षीय बाबा फूल सिंह को कांवड़ में बैठाकर हरिद्वार पहुंचे। वहां उन्होंने पवित्र गंगाजल कांवड़ में भरा। इसके बाद कांवड़ के एक पलड़े में गंगाजल और दूसरे पलड़े में अपने बाबा फूल सिंह को बैठाकर यात्रा शुरू की। पोतों की इस श्रद्धा और सेवा को देखकर रास्ते में लोगों ने भी उनकी खूब सराहना की।

पूर्व प्रधान बिजेंद्र त्यागी ने बताया कि यह कांवड़ जब नानौता के गंगोह रोड पर पहुंची तो स्टेट बैंक कॉलोनी के निवासियों ने कांवड़ को देखकर युवकों का स्वागत किया। कॉलोनीवासियों ने 95 वर्षीय बाबा फूल सिंह को फूल-मालाएं पहनाईं और उनके पोतों के इस प्रयास की प्रशंसा की।

स्थानीय लोगों का कहना था कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आस्था का पर्व ही नहीं, बल्कि परिवार और बुजुर्गों के प्रति सम्मान एवं सेवा की भावना का भी संदेश देती है। पोतों ने जिस तरह अपने बुजुर्ग बाबा को हरिद्वार की यात्रा कराई, वह लोगों के लिए भावनात्मक और प्रेरणादायक दृश्य रहा।

कांवड़ में बाबा फूल सिंह को बैठाकर ले जाते युवकों को देखने के लिए सड़क पर लोगों की भीड़ भी जुट गई। लोगों ने इस अनोखी कांवड़ की तस्वीरें और वीडियो बनाए। स्टेट बैंक कॉलोनी में स्वागत के दौरान माहौल भक्तिमय हो गया और लोगों ने बाबा फूल सिंह के प्रति सम्मान जताते हुए उनके पोतों की सेवा भावना की सराहना की।

इस अवसर पर मास्टर नेत्रपाल, नरेश शर्मा, मुकेश बंसल, घसीटू धीमान, सिद्धार्थ त्यागी, अभय राणा सहित कॉलोनी के दर्जनों लोग मौजूद रहे। श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच यह अनोखी कांवड़ चर्चा का विषय बनी रही।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य