शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। थाना कोतवाली मंडी पुलिस ने हत्या के प्रयास से जुड़े दो अलग-अलग मुकदमों में कार्रवाई करते हुए चार वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक मुकदमे में वांछित दो बाल अपचारियों को भी संरक्षण में लिया है। पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपी चाकू, लाठी-डंडों और अन्य धारदार हथियारों से हमला करने के मामलों में वांछित चल रहे थे। सभी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार 8 अगस्त को हसमत कॉलोनी निवासी इनाम ने थाना मंडी में तहरीर देकर बताया था कि उसके पुत्र सरफराज पर लालू और अन्य लोगों ने चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने उसके साथ गाली-गलौज करने के साथ जान से मारने की धमकी भी दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान मुकदमे में धारा 109(1) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई तथा मौ. फरीद उर्फ मुन्ना, कदीम उर्फ लालू, आशिक उर्फ समी और शौकीन आदि के नाम सामने आए।
इसी क्रम में 9 अगस्त को नाजिम कॉलोनी निवासी मुक्कमिल ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि लुकमान उर्फ मुन्ना, शौकीन, मुन्ना उर्फ फरीद, समीर, दानिश, अख्तरा और अन्य लोगों ने एक राय होकर उसके तथा मोहल्ले के शोएब और शहनवाज के साथ चाकू, लाठी-डंडों और अन्य धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में कई लोग घायल हुए थे। इस मामले में भी थाना मंडी पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी।
जुल्मगढ़ की पुलिया से गिरफ्तारी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन में वांछित एवं शातिर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक सतपाल सिंह भाटी के नेतृत्व में मंडी पुलिस टीम ने मंगलवार को चेकिंग और गश्त की। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर जुल्मगढ़ की पुलिया के पास कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों मुकदमों में वांछित चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मौ. फरीद उर्फ मुन्ना पुत्र इनाम उर्फ नाम्मा निवासी नाजिम कॉलोनी, कदीम उर्फ लालू पुत्र जमील निवासी भंगी कॉलोनी, आशिक उर्फ समी पुत्र अब्दुल हसन निवासी मदरसे वाली गली नंबर-13 के पास फरमान मस्जिद तथा शौकीन पुत्र युसुफ मलिक निवासी मुस्तफाबाद कॉलोनी, सहारनपुर के रूप में हुई है।
इसके अलावा मुकदमा संख्या 408/2026 में वांछित दो बाल अपचारियों को भी पुलिस ने जुल्मगढ़ की पुलिया से संरक्षण में लिया। पुलिस ने सभी के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तार अभियुक्तों को नियमानुसार न्यायालय तथा बाल अपचारियों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किए जाने की कार्रवाई की जा रही है।
फरीद उर्फ मुन्ना का आपराधिक इतिहास भी मिला
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त फरीद उर्फ मुन्ना का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ थाना मंडी में वर्ष 2024 और 2026 में विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटाई है।
सात सदस्यीय पुलिस टीम ने की कार्रवाई
गिरफ्तारी और बाल अपचारियों को संरक्षण में लेने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सतपाल सिंह भाटी, उपनिरीक्षक राहुल शर्मा, हेड कांस्टेबल गौरव त्यागी, हेड कांस्टेबल महबूब अली, हेड कांस्टेबल कपिल कुमार, कांस्टेबल रवि कुमार और कांस्टेबल संदीप कुमार शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा








