Saharanpur News: हर घर तिरंगा अभियान बना राष्ट्रभक्ति का जनआंदोलन : राजीव गुंबर

सहारनपुर में नगर विधायक राजीव गुंबर ने शारदा मंडल में शहीद निशांत शर्मा की प्रतिमा पर स्वच्छता अभियान चलाकर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने हर घर तिरंगा अभियान को राष्ट्रभक्ति का जनआंदोलन बताते हुए लोगों से घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा अभियान’ को लेकर भारतीय जनता पार्टी की ओर से विभिन्न राष्ट्रभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में नगर विधायक राजीव गुंबर ने भाजपा के शारदा मंडल क्षेत्र में शहीद निशांत शर्मा की प्रतिमा पर स्वच्छता अभियान चलाया। स्वच्छता अभियान के बाद विधायक ने शहीद की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।

इस अवसर पर नगर विधायक राजीव गुंबर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुआ ‘हर घर तिरंगा अभियान’ अब राष्ट्रभक्ति के जनआंदोलन का स्वरूप ले चुका है। अभियान के माध्यम से देशवासियों के मन में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, गौरव और आत्मीयता की भावना और मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वर्ष स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशवासी उत्साह के साथ तिरंगे के प्रति अपनी श्रद्धा और सम्मान व्यक्त करते हैं।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देशानुसार देशभर में ‘हर घर तिरंगा अभियान’ सहित विभिन्न राष्ट्रभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य लोगों को देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों के बलिदान से परिचित कराना और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का भाव मजबूत करना है।

शहीद के परिजनों से की मुलाकात

स्वच्छता अभियान के बाद राजीव गुंबर ने शहीद निशांत शर्मा के परिवारजनों से भी मुलाकात की। उन्होंने परिजनों का सम्मान करते हुए कहा कि देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर जवानों का त्याग और समर्पण देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा।

उन्होंने कहा कि शहीदों का सम्मान करना और राष्ट्रध्वज की गरिमा बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। देश की आजादी के लिए वीरों ने जो बलिदान दिया, उसे आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना भी समाज की जिम्मेदारी है।

तिरंगा देश की एकता और अखंडता का प्रतीक

नगर विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान ने राष्ट्रप्रेम की भावना को नई ऊर्जा दी है। तिरंगा केवल एक राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, गौरव और करोड़ों भारतीयों की भावनाओं का प्रतीक है।

उन्होंने नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने और अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि तिरंगे के प्रति सम्मान के साथ देश के प्रति अपने कर्तव्यों को निभाना ही सच्ची राष्ट्रभक्ति है।

स्वच्छता को भी राष्ट्रसेवा का हिस्सा बताया

राजीव गुंबर ने कहा कि शहीदों के सम्मान के साथ सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता, राष्ट्रध्वज की गरिमा और राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी भी राष्ट्रभक्ति की महत्वपूर्ण अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि सभी नागरिकों को वीर शहीदों के बलिदान से प्रेरणा लेकर देश की प्रगति और सशक्त भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।

इस दौरान क्षेत्रीय पार्षद संजय सैनी, राजेंद्र गुंबर, प्रदीप पवार, रोहित पुंडीर, राजीव सैनी, आशीष अग्रवाल, संजीव आर्यन, राजकुमार त्यागी सहित भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य