Saharanpur News: व्यापारियों ने एसएसपी को सौंपा ज्ञापन, नशे पर रोक और बाजारों में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग

पश्चिमी व्यापारी एकता व्यापार मंडल ने एसएसपी को ज्ञापन देकर नशे के कारोबार पर अंकुश, बाजारों में रात्रि गश्त बढ़ाने, पुलिस की स्थायी ड्यूटी और अतिक्रमण हटाने की मांग की।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। पश्चिमी व्यापारी एकता व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों ने जनपद में बढ़ते नशे के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई करने के साथ बाजारों में रात्रि गश्त बढ़ाने और प्रमुख बाजारों में पुलिस की स्थायी ड्यूटी लगाने की मांग की। इस दौरान कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस-प्रशासन की ओर से की गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए एसएसपी को सम्मानित भी किया गया।

प्रदेश अध्यक्ष हरपाल सिंह वर्मा ने कहा कि जनपद में नशे का कारोबार चिंता का विषय बनता जा रहा है। नशे के कारण युवा वर्ग प्रभावित हो रहा है, इसलिए पुलिस को नशे की बिक्री और तस्करी के खिलाफ प्रभावी अभियान चलाकर इस पर पूरी तरह अंकुश लगाने की जरूरत है।

जिलाध्यक्ष मनोज ठाकुर ने कहा कि पिछले कुछ दिनों में रात के समय बाजारों में चोरी की घटनाओं की शिकायतें सामने आई हैं। ऐसे में प्रमुख बाजारों और व्यापारिक क्षेत्रों में रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाई जानी चाहिए, ताकि व्यापारियों की दुकानों और प्रतिष्ठानों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

वरिष्ठ उपाध्यक्ष भान भारती ने कहा कि व्यापारी या आम नागरिक जब अपनी समस्या लेकर थाने पहुंचे तो उसकी शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। महामंत्री रोहित अरोड़ा ने बाजारों में पुलिस की स्थायी ड्यूटी लगाने की मांग करते हुए पुराने बाजारों में बढ़ते अतिक्रमण का मुद्दा भी उठाया।

उन्होंने कहा कि सहज मंडी, चौक फव्वारा सहित अन्य प्रमुख बाजारों में अतिक्रमण के कारण व्यापारियों और ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बाजारों में अत्यधिक भीड़ के कारण आवागमन प्रभावित होने के साथ व्यापारिक गतिविधियों पर भी इसका असर पड़ रहा है। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई की मांग की।

व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को बेहतर ढंग से संचालित करने के लिए पुलिस-प्रशासन की सराहना की। उन्होंने एसएसपी को बधाई देते हुए व्यापार मंडल का पटका पहनाकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर सीमांत वशिष्ठ, वर्ग माथे साहब, तरुण अरोड़ा, अश्वनी गुप्ता, संजय गर्ग, संगम अरोड़ा, विश्वजीत, सुशील कांबोज, निखिल ठाकुर सहित अनेक व्यापारी मौजूद रहे।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य