श्री कांत शर्मा
सहारनपुर। गागलहेड़ी थाना क्षेत्र के गांव नागल अहीर में शुक्रवार देर शाम खेत के पास नाले में एक महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। महिला की उम्र करीब 35 से 40 वर्ष बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नाले से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
बताया गया कि शुक्रवार देर शाम पुलिस को सूचना मिली कि नागल अहीर गांव में खेत के पास स्थित नाले में एक महिला का शव पड़ा हुआ है। सूचना पर गागलहेड़ी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। घटनास्थल की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
पुलिस के अनुसार महिला के चेहरे पर हल्के चोट के निशान मिले हैं। इन निशानों के कारण घटना को संदिग्ध माना जा रहा है। पुलिस हत्या और आत्महत्या समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। प्रारंभिक परिस्थितियों के आधार पर हत्या की आशंका से भी इंकार नहीं किया जा रहा है।
जांच में पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि महिला की मौत नाले में गिरने के कारण हुई अथवा उसकी हत्या कहीं और करने के बाद शव को नाले में लाकर फेंका गया। इसके लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने आसपास के गांवों में भी महिला के बारे में जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।
महिला की पहचान नहीं होने के कारण पुलिस आसपास के थानों से भी संपर्क कर रही है और लापता महिलाओं से संबंधित जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।








