शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। कोतवाली सदर बाजार क्षेत्र की हकीकत नगर कॉलोनी में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब पुलिसकर्मी की पत्नी की घर के अंदर गोली लगने से मौत हो गई। मृतका की पहचान सरिता (32) के रूप में हुई है। गोली सिपाही पति टिंकू की सरकारी राइफल से चली थी। घटना की सूचना पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने सिपाही पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
बताया गया कि मेरठ के हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के पलटूपुरी निवासी टिंकू वर्ष 2016 बैच का सिपाही है। वर्तमान में वह पुलिस लाइन से संबद्ध है और एंटी माइनिंग टास्क फोर्स में तैनात बताया गया है। वह पिछले करीब तीन वर्षों से हकीकत नगर में पत्नी सरिता और दो बेटियों के साथ किराये के मकान में रह रहा था।
गोली की आवाज सुनकर कमरे में पहुंचीं बेटियां
शुक्रवार सुबह घर में टिंकू, उसकी पत्नी सरिता और दोनों बेटियां मौजूद थीं। करीब 11 बजे अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर दोनों बच्चियां कमरे की ओर पहुंचीं तो उनकी मां जमीन पर खून से लथपथ हालत में पड़ी मिली। पड़ोसियों को भी गोली की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस के पहुंचने पर महिला का शव कमरे में पड़ा मिला। घटनास्थल की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पति-पत्नी के बीच विवाद की बात आई सामने
पुलिस की प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद होने की जानकारी सामने आई है। परिजनों और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस फिलहाल घटना को आत्महत्या और हत्या, दोनों पहलुओं से जोड़कर जांच कर रही है।
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि गोली सिपाही की सरकारी राइफल से चली। हालांकि गोली किन परिस्थितियों में चली और घटना के समय वास्तव में क्या हुआ, इसका स्पष्ट खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
मकान मालिक ने भी सुनी थी कहासुनी की आवाज
मकान मालिक के अनुसार घटना से पहले घर से पति-पत्नी के बीच कहासुनी की आवाज सुनाई दी थी। कुछ देर बाद गोली चलने जैसी आवाज आई। शुरुआत में उन्हें आवाज पर ज्यादा ध्यान नहीं गया, लेकिन बाद में पड़ोसियों से सूचना मिलने पर वे नीचे पहुंचे। वहां महिला को घायल अवस्था में देखकर पुलिस को सूचना दी गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतका और सिपाही के परिजन भी सहारनपुर पहुंच गए। पुलिस ने परिवार के सदस्यों और आसपास रहने वाले लोगों के बयान दर्ज करने शुरू कर दिए हैं।
पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच से स्पष्ट होगी स्थिति
डीआईजी अभिषेक सिंह और एसएसपी अभिनंदन सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। डीआईजी ने बताया कि सिपाही टिंकू को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। महिला की मौत गोली लगने से हुई है और गोली सरकारी राइफल से चली है। परिजनों की ओर से पारिवारिक विवाद की जानकारी दी गई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच, राइफल से संबंधित साक्ष्य और परिवारजनों के बयानों के आधार पर घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाया जाएगा। फिलहाल पुलिस ने किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी संभावित पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।








