मनोज मिड्ढा
सहारनपुर। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को सहारनपुर में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का माहौल रहा। जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने सर्वप्रथम अपने आवास तथा इसके बाद कलेक्ट्रेट परिसर में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। ध्वजारोहण के उपरांत राष्ट्रगान हुआ और अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रध्वज को सलामी दी।
कलेक्ट्रेट के नवीन सभागार में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ सहित विभिन्न देशभक्ति प्रस्तुतियों ने पूरे सभागार को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया। कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों और विभिन्न प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
राष्ट्रहित से बढ़कर कुछ नहीं : डीएम
समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त केवल उत्सव मनाने का दिन नहीं, बल्कि देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों, अमर शहीदों और देशभक्तों के त्याग एवं बलिदान को स्मरण करने का राष्ट्रीय पर्व है।
उन्होंने कहा कि आज हम जिस स्वतंत्र और लोकतांत्रिक भारत में जीवन जी रहे हैं, वह वीर स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने सभी अमर शहीदों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक को देश के इतिहास को जानना और समझना चाहिए। इतिहास हमें राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का बोध कराता है।
जिलाधिकारी ने कहा कि देश सर्वोपरि है और राष्ट्रहित से बढ़कर कुछ नहीं। प्रत्येक व्यक्ति को व्यक्तिगत हितों से ऊपर उठकर जनहित एवं राष्ट्रहित को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपील की कि वे अपने-अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा, ईमानदारी, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करें।
उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं और नीतियों का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाना ही अमर शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। अधिकारियों को जनभावना को प्राथमिकता देते हुए जरूरतमंद लोगों की समस्याओं का संवेदनशीलता से समाधान करने का आह्वान किया।
विकास के संकल्प को धरातल पर उतारने का आह्वान
डीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री द्वारा देश और प्रदेश के विकास के लिए निर्धारित लक्ष्यों एवं संकल्पों को धरातल पर उतारने के लिए प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी को अपने दायित्वों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध रहना होगा। उन्होंने टीम भावना के साथ जनहित में कार्य करने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने समारोह में देशभक्ति प्रस्तुतियां देने वाले कलाकारों एवं प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम युवा पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम, कर्तव्यबोध और देशभक्ति की भावना को मजबूत करते हैं।
अधिकारियों ने भी राष्ट्रहित में कार्य करने का दिया संदेश
अपर जिलाधिकारी प्रशासन संतोष बहादुर सिंह ने अमर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को कानून एवं विधि का पालन करते हुए अपने दायित्वों का ईमानदारी और अनुशासन के साथ निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने सोशल मीडिया और सूचना प्रौद्योगिकी के दौर में किसी भी सूचना पर विश्वास करने से पहले उसकी प्रमाणिकता और स्रोत की जांच करने की अपील की।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सलिल कुमार पटेल ने कहा कि राष्ट्रहित को हमेशा व्यक्तिगत हित से ऊपर रखना चाहिए। उन्होंने देशसेवा में योगदान देने वाले प्रत्येक व्यक्ति के योगदान को याद करने और उनसे प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
अपर जिलाधिकारी न्यायिक राम आसरे वर्मा ने कहा कि प्रशासन एवं न्याय व्यवस्था का उद्देश्य आम नागरिकों को समयबद्ध, सुलभ एवं निष्पक्ष न्याय उपलब्ध कराना है। उन्होंने नियम-कानून के दायरे में रहते हुए पीड़ित एवं जरूरतमंद लोगों की सहायता करने पर जोर दिया।
देशभक्ति प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम का संचालन प्रताप बाबू एवं कुलदीप कुमार ने किया। इस दौरान कुलदीप कुमार ने देशभक्ति गीत, संजय शर्मा ने देशभक्ति विचार, अजब शावरी कव्वाल ने तबला वादन के साथ कव्वाली एवं गजल प्रस्तुत की। नेत्रहीन विद्यालय संस्थान के पवन कुमार ने देशभक्ति कविताएं प्रस्तुत कीं।
इसके अलावा शौर्य ने ‘आजादी का जश्न मनाएं’, शिवम ने ‘देश की माटी’ गीत प्रस्तुत किया। केशव ने देशभक्ति एवं जोश-जुनून से भरपूर प्रस्तुति दी, जबकि सक्षम ने देश के प्रति कर्तव्यबोध पर आधारित प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों का उत्साह बढ़ाया। सभी प्रस्तुतियों को अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने खूब सराहा।
जिलाधिकारी ने विभिन्न प्रस्तुतियां देने वाले प्रतिभागियों को पारितोषिक प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के अंत में मिष्ठान वितरण किया गया।
मंडलीय सूचना कार्यालय में भी फहराया गया तिरंगा
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनपद के सभी सरकारी एवं अर्द्धसरकारी कार्यालयों के साथ मंडलीय सूचना कार्यालय में भी ध्वजारोहण किया गया। मंडलीय सूचना कार्यालय के प्रांगण में जिला सूचना अधिकारी दिलीप कुमार गुप्ता ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ और सभी कर्मचारियों ने तिरंगे को सलामी दी।
जिला सूचना अधिकारी ने कर्मचारियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्रहित एवं जनहित में पूरी निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर एडीएम प्रशासन संतोष बहादुर सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व सलिल कुमार पटेल, एडीएम न्यायिक राम आसरे वर्मा, नगर मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह, डिप्टी कलेक्टर रश्मि, मुख्य कोषाधिकारी सूरज कुमार, जिला सूचना अधिकारी दिलीप कुमार गुप्ता सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारी, पटल प्रभारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।








