Saharanpur News: मण्डलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार ने फहराया तिरंगा, ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पर राष्ट्र निर्माण का लिया संकल्प

80वें स्वतंत्रता दिवस पर मण्डलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार ने आयुक्त कार्यालय में तिरंगा फहराया। ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने पर राष्ट्र निर्माण और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश दिया।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयुक्त कार्यालय में मण्डलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। ध्वजारोहण के बाद अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया। राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन से कार्यालय परिसर राष्ट्रभक्ति की भावना से गुंजायमान हो उठा।

मण्डलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ की रचना के 150 वर्ष पूरे होना भी ऐतिहासिक अवसर है। यह गीत राष्ट्रीय चेतना, एकता और स्वतंत्रता आंदोलन की प्रेरक शक्ति का प्रतीक रहा है।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकारों का उत्सव नहीं, बल्कि अपने कर्तव्यों को याद करने का अवसर भी है। एक मजबूत और सशक्त राष्ट्र का निर्माण तभी संभव है, जब प्रत्येक नागरिक अपने दायित्वों का ईमानदारी और निष्ठा से निर्वहन करे। आज भारत विश्व में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है और देश निरंतर विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

मण्डलायुक्त ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ अपने शासकीय दायित्वों का निर्वहन करें। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक त्वरित एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक कार्यों में जनभागीदारी और पारदर्शिता के माध्यम से विकास को नई गति दी जा सकती है।

उन्होंने कहा कि हमारे विचार, ज्ञान और कर्तव्य ही देश के भविष्य का निर्माण करेंगे। स्वतंत्रता दिवस हमें राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को और अधिक गंभीरता से निभाने की प्रेरणा देता है।

इस अवसर पर अपर आयुक्त भानू प्रताप, अपर आयुक्त रमेश यादव, प्रशासनिक अधिकारी कर्णपाल, निजी सहायक अरविन्द चौधरी, नाजिर अमित जैन सहित आयुक्त कार्यालय के पटल प्रभारी, सहायक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य