शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। नगर निगम परिसर में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह और नगरायुक्त शिपू गिरि ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराकर देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन किया। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन से निगम परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया।

समारोह को संबोधित करते हुए महापौर डॉ. अजय कुमार ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि उन वीर शहीदों को स्मरण करने का दिन है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और संघर्ष के कारण ही आज हम स्वतंत्र भारत में जीवन जी रहे हैं।
महापौर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में शिक्षा, चिकित्सा, तकनीक और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में हुए विकास का उल्लेख करते हुए वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को दोहराया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य केवल सरकार का नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। सभी को अपने-अपने क्षेत्र में ईमानदारी और निष्ठा के साथ कार्य करते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि देश को आगे बढ़ाने के लिए प्रत्येक वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना जरूरी है। उन्होंने आयुष्मान भारत और देश को विश्व की चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि अंतिम लक्ष्य प्रत्येक नागरिक को बेहतर जीवन और सुख-सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोगों का गरीबी रेखा से ऊपर आना विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
नगरायुक्त शिपू गिरि ने स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों को नमन करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश की आजादी और उसकी एकता-अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने के संकल्प का अवसर है। उन्होंने कहा कि नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों को नई ऊर्जा एवं नए संकल्प के साथ प्रदेश और देश के विकास में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देते हुए शहर के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जाने चाहिए।
इस अवसर पर नगर निगम के पशु चिकित्सा कल्याण अधिकारी डॉ. संदीप मिश्रा, वरिष्ठ पार्षद मुकेश गक्खड़, मंसूर बदर, राजू सिंह, ज्योति अग्रवाल, पार्षद प्रतिनिधि राकेश कल्याण सहित अन्य लोगों ने भी अपने विचार रखे और स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान गुरु नानक गर्ल्स कॉलेज के बच्चों को उपहार देकर सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया। बच्चों की सहभागिता की सराहना करते हुए अतिथियों ने उन्हें देश के उज्ज्वल भविष्य का आधार बताया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. वीरेंद्र आजम ने किया। अंत में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ और राष्ट्रगान के साथ समारोह संपन्न हुआ।
इसके बाद रायवाला स्थित नगर निगम के स्वतंत्रता सेनानी पद्मश्री कन्हैया लाल मिश्र प्रभाकर उद्यान में भी नगरायुक्त शिपू गिरि ने ध्वजारोहण किया और स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े महान व्यक्तित्वों को नमन किया।








