मनोज मिड्ढा
सहारनपुर। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड सर्विसेज (CIS) की ओर से पुवांरका स्थित सामुदायिक चिकित्सा केंद्र, मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय के सामने ध्वजारोहण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अंतर्राष्ट्रीय योगगुरु पद्मश्री स्वामी भारत भूषण, मुख्य अतिथि महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह, मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. विमला वाई. और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार सहित संस्था के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

अतिथियों एवं संस्था के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से तिरंगा फहराया। राष्ट्रध्वज को सलामी देने के साथ उपस्थित लोगों ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए अपने विचार रखे।
कार्यक्रम में संस्था के संस्थापक अध्यक्ष रविंद्र मिगलानी ने अतिथियों, सदस्यों और पत्रकारों का स्वागत करते हुए स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार ने संस्था की सामाजिक एवं जनहितकारी गतिविधियों की सराहना की।

अंतर्राष्ट्रीय योगगुरु पद्मश्री स्वामी भारत भूषण ने कहा कि अपने कर्तव्यों का ईमानदारी और निष्ठा से निर्वहन करना भी सच्ची देशभक्ति है। उन्होंने CIS और मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय की ओर से संयुक्त रूप से किए गए वृक्षारोपण को सराहनीय पहल बताया।
महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह ने कहा कि जिम्मेदार नागरिकों का दायित्व है कि वे लोकतांत्रिक व्यवस्था में सक्रिय भागीदारी करें और समाज व राष्ट्र के विकास में योगदान दें। कुलपति प्रो. विमला वाई. ने CIS की सामाजिक एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों की प्रशंसा की।
इसके बाद CIS और मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में विश्वविद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें 100 पौधे रोपे गए। कार्यक्रम के संयोजक अमित कुमार ठक्कर और सुनील सूरी रहे।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. अपूर्वा ने किया। इस दौरान संस्था के अध्यक्ष रविंद्र मिगलानी, चेयरमैन एच.एस. चड्ढा, महासचिव अमित चौधरी, अपर महासचिव विजय वशिष्ठ, कोषाध्यक्ष नीरज मिड्ढा, संयुक्त कोषाध्यक्ष सक्षम बत्रा, चीफ कोऑर्डिनेटर संजय गुप्ता सहित विश्वविद्यालय के अधिकारी, CIS पदाधिकारी, सदस्य एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।









