शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन सवेरा—नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर’ अभियान के तहत थाना बेहट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो कथित नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 804 ग्राम अवैध स्मैक पाउडर, एक बोलेरो कार, इलेक्ट्रॉनिक कांटा और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत पुलिस ने करीब 4 करोड़ 10 लाख रुपये बताई है।
सहारनपुर पुलिस लाइन स्थित नवीन सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में एसपी देहात मयंक पाठक ने कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में नशे के कारोबार पर प्रभावी रोकथाम और इसमें शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक 16 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर थाना बेहट पुलिस ने चेकिंग के दौरान गंदेवड़ अड्डे से चिलकाना की ओर जाने वाले रास्ते से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान तालिब पुत्र सलीम निवासी असगरपुर, थाना मिर्जापुर और अमित उर्फ अनित पुत्र कटार सिंह निवासी बुठेड़ा, थाना सरसावा के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से 804 ग्राम स्मैक के अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बोलेरो कार संख्या UP17H2298, एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा और दो मोबाइल फोन बरामद हुए। मामले में थाना बेहट पर मु0अ0सं0 335/2026, धारा 8/21/60(3) एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी तालिब के खिलाफ मिर्जापुर थाने में एनडीपीएस एक्ट से संबंधित तीन मुकदमे दर्ज हैं। वहीं अमित उर्फ अनित के खिलाफ सरसावा थाने में एनडीपीएस एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामले दर्ज होने की जानकारी दी गई है।
पुलिस अब आरोपियों के नशे के अवैध कारोबार से जुड़े फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की जांच कर रही है। इसका उद्देश्य नशीले पदार्थ की आपूर्ति करने और आगे सप्लाई लेने वाले नेटवर्क का पता लगाना है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थाना बेहट प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह दीक्षित, वरिष्ठ उपनिरीक्षक बलवीर सिंह, उपनिरीक्षक धीरज सिंह तथा हेड कांस्टेबल अनुज कुमार, गोविंद सिंह, राहुल राणा, गौरव राणा और कांस्टेबल उमंग राठी शामिल रहे।








