Saharanpur News: बड़गांव में पुलिस मुठभेड़, एक घायल समेत दो गोतस्कर गिरफ्तार

सहारनपुर के बड़गांव में पुलिस और संदिग्ध आरोपियों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस ने एक घायल समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर तमंचे, कारतूस, मोटरसाइकिल और गोकशी के उपकरण बरामद किए।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। थाना बड़गांव पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस मुठभेड़ के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे को पुलिस ने कांबिंग अभियान के दौरान गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से दो तमंचे, कारतूस, बिना नंबर की मोटरसाइकिल और गोकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, 16 अगस्त को थाना बड़गांव में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ गोवध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया था। इसी क्रम में 17 अगस्त की सुबह थानाध्यक्ष नरेंद्र कुमार भड़ाना और उपनिरीक्षक संदीप कुमार पुलिस बल के साथ बड़गांव-नानौता मार्ग से मौरा जाने वाले रास्ते पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे।

इसी दौरान ग्राम माजरा की ओर से एक मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो दोनों मोटरसाइकिल लेकर भागने लगे। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग भी की। पीछा करने के दौरान मोटरसाइकिल ग्राम मौरा के जंगल की ओर जाने वाले रास्ते पर फिसलकर गिर गई। पुलिस का कहना है कि इसके बाद आरोपियों ने दोबारा फायरिंग की।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में पकड़ लिया गया। दूसरे आरोपी के जंगल की ओर भागने पर पुलिस ने कांबिंग अभियान चलाकर उसे भी गिरफ्तार कर लिया।

घायल आरोपी की पहचान आमिर पुत्र खालिक निवासी ग्राम पांडौली, थाना नागल, सहारनपुर के रूप में हुई है। उसके कब्जे से .315 बोर का एक तमंचा, तीन जिंदा और दो खोखा कारतूस, गोकशी के उपकरण तथा बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद होने की बात पुलिस ने कही है। घायल आरोपी को उपचार के लिए सीएचसी नानौता में भर्ती कराया गया।

वहीं कांबिंग के दौरान गिरफ्तार दूसरे आरोपी की पहचान आरिफ पुत्र सगीर निवासी ग्राम मिर्जापुर, थाना बड़गांव, सहारनपुर के रूप में हुई। उसके कब्जे से .315 बोर का एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार, आमिर के खिलाफ बड़गांव थाने में गोवध अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और आबकारी अधिनियम से संबंधित करीब आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। आरिफ के खिलाफ भी गोवध अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट और चोरी के मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य