फैय्याज अली आब्दी
नानौता। ओलरा मोड़ पर बाइक के पास खड़े एक युवक के साथ कई लोगों द्वारा मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांव ओलरा निवासी राहुल पुत्र मुकेश ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि करीब चार दिन पूर्व वह नानौता-ओलरा मोड़ पर अपनी बाइक के पास खड़ा था। इसी दौरान गांव जोगीपुरा निवासी एक युवक अपने कई साथियों के साथ वहां पहुंचा और उसके साथ गाली-गलौज करने लगा। राहुल के मुताबिक, विरोध करने पर आरोपितों ने उसके साथ थप्पड़, मुक्कों और डंडों से मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इस दौरान धारदार हथियार से भी हमला किया गया।
पीड़ित ने बताया कि मारपीट होती देखकर प्रवीन नामक व्यक्ति बीच-बचाव के लिए पहुंचा, तो आरोपितों ने उसके साथ भी मारपीट कर दी। घटना के बाद आरोपित कथित रूप से राहुल को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से चले गए।
घटना के बाद पीड़ित ने थाना नानौता पहुंचकर तहरीर दी और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी निरीक्षक ज्ञानेश्वर बौद्ध ने बताया कि राहुल की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।








