गय्यूर मलिक
बेहट, सहारनपुर। तहसील सभागार में मंगलवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी अरविंद चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह ने क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं। समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 61 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें दो शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपते हुए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।
बताया गया कि शनिवार को अवकाश होने के कारण संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन नहीं हो सका था। इसी के चलते मंगलवार को तहसील बेहट में समाधान दिवस आयोजित किया गया। सुबह से ही क्षेत्र के विभिन्न गांवों से लोग अपनी समस्याएं लेकर तहसील सभागार पहुंचे और जिलाधिकारी तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के समक्ष अपनी फरियाद रखी।
शिकायतों की सुनवाई के बाद जिलाधिकारी अरविंद चौहान ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि आवश्यकता होने पर अधिकारी मौके पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति की जांच करें और शिकायतकर्ता को प्रभावी समाधान उपलब्ध कराएं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश देते हुए कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस जनसमस्याओं के समाधान का महत्वपूर्ण माध्यम है। पुलिस से संबंधित शिकायतों का निष्पक्षता और गंभीरता के साथ निस्तारण किया जाए तथा फरियादियों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
समाधान दिवस में मुख्य विकास अधिकारी सुमित महाजन, मुख्य चिकित्साधिकारी, अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड सुभाष चंद्रा, पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रिया यादव, तहसीलदार विजय कुमार सिंह, नायब तहसीलदार भूपेंद्र सिंह, नायब तहसीलदार देवेंद्र कुमार प्रजापति और खंड विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा विद्युत विभाग के एसडीओ बृज मोहन, सीडीपीओ मुजफ्फराबाद संयोगिता यादव, सीडीपीओ साढ़ौली कदीम अफसाना बेगम, पूर्ति निरीक्षक नदीम अहमद, नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी अनीता वर्मा, वरिष्ठ लिपिक ओम प्रकाश सिंह, कोतवाली बेहट प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह दीखित, मिर्जापुर थाना प्रभारी निरीक्षक सूबे सिंह सहित वन विभाग, सिंचाई विभाग और अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।








