फैय्याज अली आब्दी
नानौता (सहारनपुर)। नगर में दोपहर दिल्ली-सहारनपुर मार्ग पर एक महिला से मोबाइल छीनकर भाग रहे युवक को आसपास के लोगों ने पीछा कर पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने आरोपी की जमकर धुनाई करने के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के बाद कुछ देर तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।
जानकारी के अनुसार दोपहर करीब दो बजे मोहल्ला कानूनगोयान निवासी हसीन पत्नी हाशिम पैदल अपने घर जा रही थीं। इसी दौरान दिल्ली-सहारनपुर रोड पर एक युवक ने उनके हाथ से मोबाइल छीन लिया और भागने लगा। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने आरोपी का पीछा किया और उसे पकड़ लिया।
सूचना मिलने पर थाना नानौता पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मोनिस पुत्र अमीर निवासी जलालाबाद बताया। पीड़ित महिला की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया।
थाना प्रभारी निरीक्षक ज्ञानेश्वर बौद्ध ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में इस प्रकार की घटनाओं की रोकथाम के लिए पुलिस गश्त बढ़ाई गई है।








