फैय्याज अली आब्दी
नानौता। क्षेत्र के ग्राम ठसका में बुधवार शाम ईशा की नमाज के बाद किसी बात को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चलने लगे। संघर्ष में दोनों पक्षों के दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि चार अन्य को मामूली चोटें आई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार शाम ईशा की नमाज के बाद गांव ठसका में किसी बात को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। संघर्ष में इस्तेखार पुत्र मुबीन तथा जावेद पुत्र मेहदी गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं चार अन्य लोगों को भी मामूली चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को तितर-बितर कराया। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए नगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।
थाना प्रभारी निरीक्षक ज्ञानेश्वर बौद्ध ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के विरुद्ध दी गई तहरीर के आधार पर कार्रवाई की गई है। एक पक्ष के इकरार पुत्र मुबीन व इस्तेखार पुत्र मुबीन तथा दूसरे पक्ष के ताहिर पुत्र शब्बर, शमशाद पुत्र अय्यूब, जावेद पुत्र मेहदी और जब्बार पुत्र सावर के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।








