फैय्याज अली आब्दी
नानौता। थाना क्षेत्र के गांव खुडाना में आपसी विवाद के दौरान चाकूबाजी होने से दो व्यक्ति घायल हो गए। घटना के बाद दोनों पक्षों की ओर से थाना नानौता में तहरीर देकर एक-दूसरे पर धारदार हथियार से हमला करने के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार एवं मेडिकल परीक्षण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया।
गांव खुडाना निवासी धर्मसिंह पुत्र महावीर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके मकान के बाहर चार-पांच युवक खड़े थे। उसने युवकों को वहां खड़े होने से मना किया तो इसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि युवकों ने उसके साथ गाली-गलौज की और इसी दौरान एक युवक ने चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया।
वहीं, दूसरे पक्ष के निखिल पुत्र कर्णपाल ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि वह सरकारी नल पर सार्वजनिक समरसेबल लगवा रहा था। इसी दौरान धर्मसिंह वहां पहुंचा और जेब से चाकू निकालकर उस पर हमला कर दिया। इस दौरान चाकू उसकी टांग में लगने से वह घायल हो गया।
चाकूबाजी की घटना में दोनों व्यक्ति घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को उपचार एवं मेडिकल परीक्षण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा।
थानाध्यक्ष ज्ञानेश्वर बौद्ध ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच आपसी विवाद हुआ था। दोनों की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








