हमजा के आरोपों पर शायान मसूद का पलटवार, बोले—‘घर की बात घर में रखो, राजनीति करनी है तो सामने आकर लड़ो’

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। मसूद परिवार में चल रहे कथित पारिवारिक विवाद के बीच शायान मसूद ने इंस्टाग्राम पर वीडियो जारी कर अपने छोटे भाई हमजा मसूद की ओर से लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया दी। शायान ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका छोटा भाई परिवार की बातों को इस तरह सार्वजनिक मंच पर लेकर आएगा।

वीडियो में शायान मसूद ने हमजा से परिवार की बात परिवार के भीतर रखने की अपील करते हुए कहा कि यदि किसी के पास कोई रिकॉर्डिंग या अन्य सामग्री है तो वह उसे लेकर सामने आ सकता है, लेकिन पारिवारिक मामलों को सार्वजनिक रूप से उठाना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक लड़ाई है तो राजनीति के मैदान में आकर लड़ें और चुनाव लड़कर अपना पक्ष जनता के सामने रखें।

शायान ने बार-बार इस बात पर जोर दिया कि हमजा उनका छोटा भाई है और परिवार के बीच के मामलों को घर की चारदीवारी तक ही सीमित रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि राजनीति करनी है तो सड़क पर आकर राजनीतिक लड़ाई लड़ी जाए, लेकिन परिवार की निजी बातों को सार्वजनिक नहीं किया जाना चाहिए।

शायान का यह बयान ऐसे समय आया है जब इससे पहले हमजा मसूद ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर शायान मसूद पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। हमजा ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और सांसद डिंपल यादव से भी शायान के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद शायान की प्रतिक्रिया को दोनों भाइयों के बीच बढ़ती तल्खी के जवाब के तौर पर देखा जा रहा है।

मसूद परिवार के बीच सोशल मीडिया पर सामने आ रहे इन बयानों ने सहारनपुर की राजनीति में भी चर्चा तेज कर दी है। खास तौर पर 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले परिवार के सदस्यों के बीच सार्वजनिक रूप से आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू होने से इसके राजनीतिक असर को लेकर भी अटकलें लगाई जा रही हैं।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य