अमित कुमार
छुटमलपुर। मनकामेश्वर महादेव मंदिर समिति की बैठक में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव-2026 की तैयारियों को लेकर विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई। मंदिर परिसर में आयोजित बैठक में धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की व्यवस्थाओं को लेकर जिम्मेदारियां तय की गईं।
समिति के अनुसार 28 अगस्त से 3 सितंबर तक प्रतिदिन दोपहर तीन से शाम छह बजे तक श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन होगा। चार सितंबर को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव से पूर्व भजन संध्या के साथ श्रीकृष्ण लीला की सजीव झांकियों का मंचन किया जाएगा। छह सितंबर को विशाल भंडारे का आयोजन होगा। वहीं, सात सितंबर को शाम चार बजे फतेहपुर लोक निर्माण विभाग गेस्ट हाउस से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी।
शोभायात्रा में सहारनपुर के प्रसिद्ध शर्मा बैंड, रावत बैंड और बंदिश बैंड पार्टी के साथ सागर ग्रुप दिल्ली की भव्य झांकियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। महोत्सव को सफल बनाने के लिए समिति की ओर से विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सदस्यों को सौंपी गई है।
मंदिर समिति उपाध्यक्ष सतीश राठौर ने बताया कि महोत्सव के प्रचार-प्रसार की व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। माइक से प्रचार शुरू कर दिया गया है और होर्डिंग्स व बैनर लगाने की प्रक्रिया भी चल रही है।
बैठक में पंडित राजकुमार बडथ्वाल, भुवनेश्वर बडथ्वाल, समिति अध्यक्ष राजसिंह साध, सतीश राठौर, नीरज गोयल, प्रमोद शर्मा, चौधरी कविराज, केवल कृष्ण, धर्मपाल सैनी, विपिन गोयल, बिल्लू सैनी आदि मौजूद रहे।








