श्रवण शर्मा
गंगोह (सहारनपुर)। नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यमुनानगर पुलिस की सीआईए और एंटी नारकोटिक्स सेल (एएनसी-2) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गंगोह क्षेत्र निवासी एक युवक को 260.44 ग्राम हेरोइन (स्मैक) के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान दानिश के रूप में हुई है।
डीएसपी रजत ने बताया कि पुलिस टीम ने कार्रवाई के दौरान दानिश को हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया। बरामद नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ थाना सदर यमुनानगर में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। उसके खिलाफ पूर्व में चोरी के दो मामले दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर नशा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।








