श्रीकांत शर्मा
सहारनपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव चौधरी रुद्रसेन ने कहा कि समाजवादी पार्टी ही ऐसी पार्टी है, जिसके पास स्पष्ट नीति और बेहतर नेतृत्व है। प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर किसानों और मजदूरों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा। वह रविवार को गांव सुनहेटी खड़खड़ी में समाजसेवी सोनू चौधरी द्वारा आयोजित PDA कार्यकर्ता सम्मेलन को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।
चौधरी रुद्रसेन ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि सबका साथ और सबका विकास का दावा करने वाली भाजपा सरकार में इसके विपरीत भाजपाइयों का विकास और जनता का विनाश हो रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन से त्रस्त जनता अब बदलाव चाहती है। आगामी विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी 6 सितंबर को सहारनपुर में होने वाली समाजवादी पार्टी की रैली को ऐतिहासिक बनाने के लिए बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
विधायक आशु मलिक ने कहा कि अपने साढ़े चार वर्ष के कार्यकाल में उन्होंने जनता से जुड़े मुद्दों को विधानसभा में प्रमुखता से उठाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर सहारनपुर में उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि लोगों को उपचार के लिए दिल्ली या देहरादून जाने की आवश्यकता न पड़े।
सपा प्रदेश सचिव रूही अंजुम ने कहा कि समाजवादी पार्टी में ही महिलाओं के हित सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि सहारनपुर में होने वाली अखिलेश यादव की रैली परिवर्तन की दिशा तय करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से रैली में रिकॉर्ड संख्या में पहुंचने की अपील की।
युवा नेता परीक्षित चौधरी ने कहा कि पूरी समाजवादी पार्टी उनका परिवार है। सहारनपुर में होने वाली रैली का उद्देश्य समाजवादी परिवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से जोड़ना है। उन्होंने युवाओं से बड़ी संख्या में रैली में भागीदारी करने का आह्वान किया।
सम्मेलन को लोहिया वाहिनी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर यादव, चौधरी ओमी पंवार, सुदेश गुर्जर, चौधरी संतर पाल, अनुज प्रधान, मदनुकी, संदीप यादव, महेंद्र, राकेश राव और वजाहत ने भी संबोधित किया। सम्मेलन में विभोर शर्मा, विजय पाल प्रधान, अहसान प्रधान, उसमा गाड़ा, कंवर पाल, अहमदपुर समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सम्मेलन की अध्यक्षता जगदीश प्रधान ने की तथा संचालन अनिल कुमार ने किया।








