शहरी चौपाल ब्यूरो
गागलहेड़ी। देहरादून रोड स्थित सरस्वती विहार कॉलोनी में मूलभूत सुविधाओं की बदहाली को लेकर भारतीय किसान यूनियन (रक्षक) के पदाधिकारियों ने मंगलवार को विकासखंड पुवारका कार्यालय पहुंचकर खंड विकास अधिकारी को जिलाधिकारी के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। पदाधिकारियों ने कॉलोनी की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान कराने की मांग की।
भाकियू रक्षक के मंडल अध्यक्ष अमित ओहलान के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि सरस्वती विहार कॉलोनी की सड़कों पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बने हुए हैं, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं कॉलोनी में स्ट्रीट लाइट की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण रात के समय लोगों को दिक्कतें उठानी पड़ती हैं।
पदाधिकारियों ने बताया कि कॉलोनी के समीप स्थित तालाब गंदगी से अटा पड़ा है। तालाब की सफाई नहीं होने से आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी हो रही है और बीमारी फैलने का खतरा भी बना हुआ है। उन्होंने सड़कों की मरम्मत कराने, स्ट्रीट लाइट लगवाने तथा तालाब की सफाई सहित अन्य मूलभूत समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की मांग की।
भाकियू रक्षक पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि अधिकारियों द्वारा जल्द समस्याओं का समाधान नहीं कराया गया तो संगठन आंदोलन करने को मजबूर होगा।
इस दौरान सदर तहसील अध्यक्ष सरदार बलकार सिंह, पुवारका ब्लॉक अध्यक्ष अर्जुन कश्यप, वीरेंद्र सिंह, बिल्लू त्यागी, मोहित चौधरी, अंकित कुमार, रमन वर्मा, प्रिंस चौधरी, डॉ. सुरेंद्र सिंह, सचिन, गर्वित, वंश, कन्हैया, विकास अमन, संदीप, सोमपाल, किशन लाल, अंशुल, गुरमीत, अभिषेक सैनी, योगेश, अकरम, विपिन वंश सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।








