श्रवण शर्मा
गंगोह (सहारनपुर)। युवती को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में गंगोह पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 22 अगस्त 2026 को एक महिला ने थाना गंगोह में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि आरोपियों द्वारा उसकी पुत्री को आत्महत्या के लिए उकसाया गया, जिसके चलते उसकी पुत्री ने आत्महत्या कर ली। तहरीर में आरोपियों पर महिला के साथ गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी लगाए गए थे। मामले में थाना गंगोह पर मु0अ0सं0 408/2026, धारा 108, 352 व 351(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन में महिलाओं एवं बालिकाओं से संबंधित अपराधों में वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी गंगोह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक गंगोह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर अभिषेक कुमार उर्फ कृष्ण कुमार पुत्र जसवीर सिंह निवासी ग्राम बिलासपुर को ग्राम सहराजपुर मोड़ से गिरफ्तार किया। वहीं दूसरे आरोपी मोनू उर्फ अरुण पुत्र नानू राम निवासी ग्राम बिलासपुर को ग्राम ततारपुर जाने वाले मार्ग से गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक इन्द्रेश चौहान, उपनिरीक्षक सोहनवीर सिंह, आजाद सिंह, रानू चौधरी सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।








