शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य सपना कश्यप की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित तहसील सदर सभागार में महिला जनसुनवाई एवं जागरूकता चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सदस्य सपना कश्यप ने क्षेत्राधिकारी गंगोह प्रिया यादव एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी दुर्गेश प्रताप सिंह के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
जनसुनवाई के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। कुल छह प्रकरणों की सुनवाई हुई, जिनमें तीन मामले घरेलू हिंसा, दो राशन कार्ड से संबंधित तथा एक मामला पुलिस विभाग से संबंधित था। आयोग की सदस्य ने संबंधित अधिकारियों को सभी प्रकरणों का नियमानुसार एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्रवाई और निस्तारण की रिपोर्ट उपलब्ध कराने तथा आवश्यकतानुसार मामलों का फॉलोअप करने को कहा।
अधिकारों के प्रति जागरूक रहें महिलाएं
सपना कश्यप ने कहा कि महिलाएं एवं बालिकाएं अपने अधिकारों, सुरक्षा और शिक्षा के प्रति जागरूक रहें। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर संबंधित विभाग, पुलिस एवं उपलब्ध सहायता व्यवस्थाओं से सहयोग लें। उन्होंने बालिकाओं से मन लगाकर पढ़ाई करने, लक्ष्य निर्धारित करने और आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।
उन्होंने महिलाओं एवं बालिकाओं को रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। जिला प्रोबेशन अधिकारी दुर्गेश प्रताप सिंह ने निराश्रित महिला पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ तथा उत्तर प्रदेश बाल सेवा योजना सहित अन्य योजनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम में घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम-2005, कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न, दहेज उत्पीड़न, कन्या भ्रूण हत्या एवं मानव तस्करी जैसी सामाजिक समस्याओं के प्रति भी महिलाओं को जागरूक किया गया।
इस दौरान सदस्य ने स्कूली बालिकाओं से संवाद कर उनके शैक्षिक लक्ष्यों की जानकारी ली और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूकता साहित्य और विभिन्न हेल्पलाइन की जानकारी भी उपलब्ध कराई गई।
कार्यक्रम में जिला मलेरिया अधिकारी शिवांका गौड़, सप्लाई इंस्पेक्टर सुरेश त्यागी, जिला समाज कल्याण अधिकारी अक्षमा, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी चंचल लहरी, प्रभारी महिला थाना बबीता तोमर, प्रभारी परिवार परामर्श केंद्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, महिलाएं एवं स्कूली छात्राएं मौजूद रहीं।








