लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई उत्तर प्रदेश कैबिनेट की बैठक में 24 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई। बैठक में वरिष्ठ महिलाओं को बड़ी सौगात देते हुए ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति योजना’ शुरू करने का निर्णय लिया गया। इसके तहत 60 वर्ष या उससे अधिक आयु की महिलाओं को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) की सभी बसों में आजीवन मुफ्त यात्रा की सुविधा देने का प्रस्ताव मंजूर किया गया।
आधार या वोटर आईडी से मिलेगा योजना का लाभ
योजना के तहत पात्र महिलाओं को अपनी उम्र और पहचान का प्रमाण प्रस्तुत करना होगा। इसके लिए आधार कार्ड या मतदाता पहचान पत्र का उपयोग किया जा सकेगा। सरकार का अनुमान है कि प्रदेश की एक करोड़ से अधिक महिलाएं इस योजना से लाभान्वित हो सकती हैं।
सरकार के अनुसार, योजना का उद्देश्य वरिष्ठ महिलाओं को आवागमन के खर्च से राहत देना और उन्हें प्रदेश में सुविधाजनक तरीके से यात्रा करने का अवसर उपलब्ध कराना है।
झांसी लिंक एक्सप्रेसवे को भी कैबिनेट की मंजूरी
कैबिनेट बैठक में उत्तर प्रदेश के एक्सप्रेसवे नेटवर्क को और मजबूत करने के लिए झांसी लिंक एक्सप्रेसवे परियोजना को भी मंजूरी दी गई। करीब 106.30 किलोमीटर लंबे ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के निर्माण पर लगभग 7,968.30 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। परियोजना की पूरी लागत राज्य सरकार वहन करेगी।
यह एक्सप्रेसवे बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के चैनेज 170+300 पर जालौन के फूलपुरा के पास से शुरू होकर उत्तर-दक्षिण कॉरिडोर के माध्यम से एनएच-44 पर झांसी के अंबाबाई तक पहुंचेगा।
छह लेन से शुरू होकर आठ लेन तक होगा विस्तार
झांसी लिंक एक्सप्रेसवे को शुरुआत में नियंत्रित प्रवेश वाला छह लेन एक्सप्रेसवे बनाया जाएगा। भविष्य में इसे आठ लेन तक विस्तारित किया जा सकेगा। एक्सप्रेसवे की डिजाइन स्पीड 120 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित की गई है।
प्रस्तावित मार्ग जालौन के उरई क्षेत्र के अलावा झांसी की गरौठा, टहरौली, मोठ और झांसी प्रथम तहसीलों से होकर गुजरेगा। परियोजना के लिए 110 मीटर चौड़े राइट ऑफ वे का अधिग्रहण किया जाएगा। वित्तीय मूल्यांकन के बाद इसे पीपीपी मॉडल के बजाय ईपीसी पद्धति से बनाने का निर्णय लिया गया है। निर्माण कार्य दो पैकेजों में कराया जाएगा।
डिफेंस कॉरिडोर और प्रमुख धार्मिक स्थलों की कनेक्टिविटी होगी बेहतर
झांसी लिंक एक्सप्रेसवे के निर्माण से गरौठा के समीप विकसित हो रहे डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर नोड और बीडा क्षेत्र को एक्सप्रेसवे नेटवर्क से सीधा हाई-स्पीड संपर्क मिलने की उम्मीद है।
इसके अलावा झांसी किला, ओरछा स्थित श्रीरामराजा मंदिर, दतिया पीताम्बरा पीठ और सोनागिर जैन तीर्थ जैसे प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों तक पहुंच भी आसान होगी।
कैबिनेट बैठक में कुल 24 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है। अन्य 22 फैसलों का विस्तृत विवरण सरकार की ओर से जारी किया जाना है।








