शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार की ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना का बुधवार को जनपद स्तर पर शुभारंभ किया गया। राजकीय इंटर कॉलेज, नेहरू मार्केट स्थित विवेकानंद सभागार में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्यमंत्री संसदीय कार्य एवं औद्योगिक विकास जसवंत सैनी ने की। इस दौरान लखनऊ में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी किया गया।
योजना के तहत प्रदेश की 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं को आजीवन निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा रक्षाबंधन के अवसर पर माताओं, बहनों और बेटियों को उनके एक सहयात्री सहित 27 अगस्त की सुबह छह बजे से 29 अगस्त की रात 12 बजे तक निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा दी जाएगी।
कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यमंत्री जसवंत सैनी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उपस्थित मातृशक्ति को साड़ी एवं मिष्ठान भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा लखनऊ में योजना के शुभारंभ और विशेष बसों को रवाना किए जाने के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं महिलाओं ने देखा।
राज्यमंत्री जसवंत सैनी ने प्रदेश की माताओं, बहनों और बेटियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और आत्मनिर्भर नारी के मंत्र के साथ प्रदेश सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तीकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। सरकार की योजनाओं का उद्देश्य महिलाओं को सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना भी है।
मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन ने कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्यमंत्री जसवंत सैनी का स्वागत किया। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद मातृशक्ति, महिला मोर्चा की सदस्यों, स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं और अन्य उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार, पीडी डीआरडीए प्रणय कृष्ण, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कोमल, आरएम रोडवेज योगेंद्र प्रताप सिंह, एआरएम जोगेंद्र सिंह सहित विभिन्न विकासखंडों से आई स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं, मातृशक्ति एवं महिला मोर्चा की सदस्य मौजूद रहीं।








