शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। गंगोह विकासखंड के गांव बिलासपुर में शिवानी पांचाल की मौत के मामले में समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को पीड़ित परिवार से मिला। सपा के राष्ट्रीय सचिव एवं उत्तर प्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के पूर्व अध्यक्ष व पूर्व राज्यमंत्री राम आसरे विश्वकर्मा के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने परिजनों से घटना की जानकारी ली और उन्हें हरसंभव सहयोग तथा न्याय दिलाने का भरोसा दिया।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रतिनिधिमंडल सहारनपुर पहुंचा था। पुलिस-प्रशासन द्वारा प्रतिनिधिमंडल को सर्किट हाउस में ही रोक दिया गया। इसके बाद पीड़िता की मां मौसम देवी, मामा शिवदयाल और भाई वंश पांचाल को सर्किट हाउस बुलाकर प्रतिनिधिमंडल ने पूरे मामले की जानकारी ली।
सपा और विश्वकर्मा समाज ने दी आर्थिक मदद
पूर्व राज्यमंत्री राम आसरे विश्वकर्मा ने पार्टी एवं विश्वकर्मा समाज की ओर से पीड़ित परिवार को एक लाख एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी और अखिल भारतीय विश्वकर्मा शिल्पकार महासभा पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। दोषियों को सजा मिलने तक परिवार को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में विश्वकर्मा समाज का उत्पीड़न बढ़ा है तथा जाति और धर्म के आधार पर कार्रवाई किए जाने की स्थिति बन रही है। उन्होंने कहा कि विश्वकर्मा समाज एकजुट होकर आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को जवाब देगा।
प्रतिनिधिमंडल में सपा जिलाध्यक्ष चौधरी अब्दुल वाहिद, प्रदेश सचिव मजाहिर राणा, पूर्व सांसद हाजी फजलूरहमान, अखिल भारतीय विश्वकर्मा शिल्पकार महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विजेश कुमार शर्मा, जिलाध्यक्ष मनोज पांचाल, राजकुमार पांचाल, कृष्ण लाल पांचाल, दीपक धीमान, अमित विश्वकर्मा, वेदपाल धीमान पटनी सहित बड़ी संख्या में सपा पदाधिकारी एवं समाज के लोग मौजूद रहे।








