तीतरों में पुलिस मुठभेड़: गोकशी का वांछित आरोपी घायल गिरफ्तार, तमंचा-कारतूस बरामद

सहारनपुर के तीतरों में पुलिस मुठभेड़ के बाद गोकशी के मुकदमे में वांछित आरोपी इमरान घायल अवस्था में गिरफ्तार। कब्जे से .315 बोर तमंचा, जिंदा-खोखा कारतूस और बाइक बरामद।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। थाना तीतरों पुलिस ने गोकशी के मुकदमे में वांछित चल रहे एक आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के पैर में गोली लगी है। उसके कब्जे से .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा मोटरसाइकिल बरामद की गई है। मुठभेड़ के दौरान आरोपी का एक साथी जंगल और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। उसकी तलाश में पुलिस टीम द्वारा कांबिंग की जा रही है।

पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन में जनपद में अपराध नियंत्रण एवं विभिन्न आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिए लगातार गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग की जा रही है। इसी क्रम में 27/28 अगस्त 2026 की रात थाना तीतरों पुलिस टीम तीतरों से कच्ची गढ़ी, शामली जाने वाली सड़क पर ग्राम फूसगढ़ की पुलिया के पास चेकिंग कर रही थी।

इसी दौरान ग्राम फूसगढ़ की ओर से एक मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने संदिग्ध प्रतीत होने पर उन्हें टॉर्च की रोशनी से रुकने का इशारा किया। पुलिस का दावा है कि पुलिस टीम को देखते ही बाइक सवारों ने मोटरसाइकिल मोड़ ली और पुलिसकर्मियों पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करते हुए तेज गति से वापस फूसगढ़ की ओर भागने का प्रयास किया। इसी दौरान मोटरसाइकिल अचानक फिसलकर गिर गई।

पुलिस के मुताबिक, इसके बाद आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। दूसरा आरोपी जंगल और अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गया। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा लगातार कांबिंग की जा रही है।

इमरान के खिलाफ गोकशी के दो मुकदमे

पुलिस ने घायल आरोपी की पहचान इमरान पुत्र साकर, निवासी ग्राम धानवा, थाना तीतरों, जनपद सहारनपुर के रूप में की है। पुलिस के अनुसार इमरान थाना तीतरों पर दर्ज मु0अ0सं0 87/2026, धारा 3/5ए/8 गोवध अधिनियम एवं धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के मुकदमे में वांछित था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार/घायल आरोपी इमरान शातिर किस्म का अपराधी है और उसके विरुद्ध थाना तीतरों में गोकशी जैसे संगीन अपराध से संबंधित दो मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस फरार आरोपी की तलाश के साथ ही मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य