शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर, । रक्षाबंधन पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए सहारनपुर पुलिस ने जनपदभर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में प्रमुख बाजारों, चौराहों, सार्वजनिक स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस टीमों द्वारा लगातार पैदल गश्त, पिकेट, नाकाबंदी और संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग की जा रही है।
पर्व के दौरान बाजारों में महिलाओं और बालिकाओं की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए महिला पुलिसकर्मियों एवं पुलिस टीमों को प्रमुख बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर सक्रिय रखा गया है। पुलिस द्वारा महिलाओं की सुरक्षा के साथ-साथ संदिग्ध गतिविधियों पर भी विशेष नजर रखी जा रही है।
ई-रिक्शा और वाहनों की सघन चेकिंग
रक्षाबंधन के मद्देनजर जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में दोपहिया, चारपहिया और ई-रिक्शा वाहनों का सघन चेकिंग एवं सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस द्वारा बिना वैध लाइसेंस अथवा आपराधिक इतिहास वाले ई-रिक्शा चालकों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ एमवी एक्ट एवं अन्य सुसंगत धाराओं के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर प्रमुख मार्गों और चौराहों पर यातायात पुलिस की तैनाती बढ़ाई गई है। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि पर्व के दौरान लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने की अपील
सहारनपुर पुलिस ने जनपदवासियों से रक्षाबंधन पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की है। पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने को कहा है।
पुलिस का कहना है कि पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी। बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस की मौजूदगी के साथ संदिग्धों पर निगरानी जारी रहेगी। पुलिस ने नागरिकों को रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं देते हुए सुरक्षा और सहयोग में पुलिस का साथ देने की अपील की है।








