शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। भाई-बहन के स्नेह और विश्वास के पर्व रक्षाबंधन के अवसर पर विश्व हिंदू परिषद की मातृशक्ति-दुर्गा वाहिनी विभाग सहारनपुर की ओर से जिला कारागार में रक्षाबंधन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान महिलाओं ने जेल में निरुद्ध बंदियों को तिलक लगाकर रक्षा सूत्र बांधा और मिष्ठान खिलाकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के माध्यम से बंदियों को अपने आचरण एवं व्यवहार में सुधार लाकर भविष्य को बेहतर और सम्मानजनक बनाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में प्रांत उपाध्यक्ष रविंद्र लाम्बा ने कहा कि जाने-अनजाने में किए गए कर्मों अथवा परिस्थितियों के कारण आज कई बंधु जेल में हैं। रक्षाबंधन के इस पावन अवसर पर उनसे आग्रह है कि वे अपने किए गए कार्यों पर आत्मचिंतन करें और अपने व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाएं। उन्होंने कहा कि जेल में बिताए समय को जीवन में सुधार का अवसर बनाते हुए भविष्य को सुरक्षित और सम्मानजनक बनाने की दिशा में प्रयास करना चाहिए।
परिवार से दूर रहने की पीड़ा को समझने का संदेश
प्रांत मातृशक्ति सहसंयोजिका अंजू त्यागी ने कहा कि जेल में रहने के कारण बंदी इस समय अपने परिवार और प्रियजनों से दूर हैं। यह स्थिति निश्चित रूप से कष्टदायक और भावनात्मक रूप से व्यथित करने वाली होती है। उन्होंने रक्षा सूत्र बांधते हुए बंदियों से अपने कार्यों एवं व्यवहार में सुधार करने तथा आगे का जीवन सकारात्मक सोच के साथ जीने का आह्वान किया।

विभाग संगठन मंत्री अमित ने कहा कि रक्षाबंधन केवल रक्षा सूत्र बांधने का पर्व नहीं, बल्कि अपने परिवार और समाज के प्रति दायित्वों को समझने एवं उन्हें निभाने का संकल्प लेने का अवसर भी है। उन्होंने बंदियों से आग्रह किया कि वे अपने जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाएं और भविष्य में परिवार तथा समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करें। उन्होंने सभी के मंगलमय एवं बेहतर भविष्य के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
जेल अधिकारियों को भी बांधा रक्षा सूत्र
कार्यक्रम के आयोजन में वरिष्ठ जेल अधीक्षक आलोक सिंह, डिप्टी जेलर जसवंत बाबू एवं रीता राजभर का विशेष सहयोग रहा। संगठन की ओर से उन्हें भी रक्षा सूत्र बांधकर रक्षाबंधन की बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।
इसके अलावा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन, पुलिस अधीक्षक देहात मयंक पाठक एवं पुलिस अधीक्षक ट्रैफिक शैलेंद्र श्रीवास्तव को भी रक्षा सूत्र बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दी गईं। इस दौरान पुलिस एवं जेल प्रशासन के प्रति सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया।

कार्यक्रम में महानगर उपाध्यक्ष अनुपम महाजन, नीलू राणा, अनीता, नीरज चौधरी, सुधा शर्मा, अन्नू, रेखा रोहिल्ला आदि मातृशक्ति एवं दुर्गा वाहिनी की कार्यकर्ता शामिल रहीं। वहीं प्रांत संपर्क विभाग सदस्य रमेश शर्मा, मनीष, ललित, शिवा आदि भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में रक्षाबंधन के माध्यम से सामाजिक समरसता, आत्मचिंतन और सकारात्मक जीवन का संदेश दिया गया। संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि हर व्यक्ति को अपने जीवन की गलतियों से सीख लेकर बेहतर भविष्य की ओर बढ़ने का प्रयास करना चाहिए।








