बाल गृह की बालिकाओं ने जिलाधिकारी को बांधी राखी, डीएम ने दिए उपहार

रक्षाबंधन पर बालिकाओं से आत्मीय संवाद कर जाना हाल, शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा व्यवस्था बेहतर रखने के दिए निर्देश

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने पुष्पांजलि विहार, जनता रोड स्थित बाल गृह (बालिका) में पहुंचकर आवासित बालिकाओं के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया। बालिकाओं ने जिलाधिकारी को राखी बांधी, जिसके बाद जिलाधिकारी ने उन्हें उपहार भेंट किए और स्नेह, सुरक्षा तथा उज्ज्वल भविष्य का भरोसा दिलाया।

इस दौरान जिलाधिकारी ने बाल गृह का निरीक्षण करते हुए बालिकाओं से आत्मीय संवाद किया और उनके रहन-सहन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खान-पान तथा दैनिक गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बालिकाओं की समस्याओं और आवश्यकताओं को भी गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाल गृह में आवासित बालिकाओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और उन्हें शासन की मंशा के अनुरूप सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

जिलाधिकारी ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के स्नेह, विश्वास और परस्पर सुरक्षा का पावन पर्व है। उन्होंने बालिकाओं को मन लगाकर पढ़ाई करने, अपनी प्रतिभा को निखारने और जीवन में निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बालिकाओं की सुरक्षा, शिक्षा और सम्मान प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है तथा उनके सर्वांगीण विकास के लिए पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने अधिकारियों को बाल गृह में साफ-सफाई, पौष्टिक भोजन, स्वास्थ्य सुविधाओं, शैक्षिक गतिविधियों और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने बालिकाओं को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

जिलाधिकारी द्वारा बालिकाओं के साथ आत्मीयता से संवाद किए जाने से बाल गृह में खुशी और उत्साह का माहौल रहा। बालिकाएं भी जिलाधिकारी के साथ रक्षाबंधन मनाकर काफी प्रसन्न दिखाई दीं। इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी दुर्गेश प्रताप सिंह एवं उप जिलाधिकारी सदर सुबोध कुमार उपस्थित रहे।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य