शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर, । उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की जिला इकाई के तत्वावधान में रक्षाबंधन पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर व्यापारियों ने जहां अपनी बहनों से राखी बंधवाई, वहीं जनपदभर में व्यापारियों ने एक-दूसरे के प्रतिष्ठानों पर पहुंचकर रक्षा सूत्र बांधे और संगठन की एकजुटता बनाए रखने तथा एक-दूसरे के सुख-दुख में साथ खड़े रहने का संकल्प लिया।
व्यापार मंडल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शीतल टंडन ने कहा कि रक्षाबंधन भारतीय संस्कृति के सबसे पवित्र और महान पर्वों में से एक है, जो हर वर्ष श्रावण मास की पूर्णिमा को मनाया जाता है। यह पर्व केवल भाई-बहन के रिश्ते तक सीमित नहीं है, बल्कि विश्वास, कर्तव्य और सामाजिक समरसता का भी उत्सव है। उन्होंने कहा कि कच्चे धागों से बंधा यह पक्का रिश्ता हमें एक-दूसरे के प्रति जिम्मेदारी और विश्वास निभाने की प्रेरणा देता है।
श्री टंडन ने कहा कि रक्षा सूत्र केवल बहनों तक सीमित न रहकर संपूर्ण मातृशक्ति के सम्मान और सुरक्षा का संकल्प बने। रक्षाबंधन हमें एक-दूसरे के सुख-दुख में साथ खड़े होने, व्यापारिक एकता को मजबूत करने और समाज में भाईचारे की भावना बढ़ाने की प्रेरणा देता है। जिला इकाई के आह्वान पर पूरे जनपद में व्यापारियों ने एक-दूसरे के प्रतिष्ठानों पर जाकर रक्षा सूत्र बांधे और संगठन की मजबूती का संकल्प दोहराया।
उन्होंने कहा कि सभी नागरिकों को इस पावन पर्व पर मातृशक्ति का सम्मान करने और महिलाओं की सुरक्षा के प्रति सदैव सजग रहने का संकल्प लेना चाहिए। समाज में प्रेम, सद्भाव और आपसी सहयोग को बढ़ावा देना ही रक्षाबंधन पर्व की वास्तविक भावना है।
शीतल टंडन ने कहा कि प्राचीन काल से ही रक्षाबंधन विश्वास और रक्षा का प्रतीक रहा है। पौराणिक कथाओं में श्रीकृष्ण-द्रौपदी, इंद्र-इंद्राणी और यम-यमुना के प्रसंग रक्षा सूत्र के माध्यम से विश्वास और अपनत्व की भावना को दर्शाते हैं। समय के साथ यह पर्व सामाजिक एकता और राष्ट्रीय चेतना का प्रतीक भी बना है और हमें एक-दूसरे के सम्मान एवं सुरक्षा के लिए प्रेरित करता है।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष शीतल टंडन, जिला महामंत्री रमेश अरोड़ा, जिला कोषाध्यक्ष कर्नल संजय मिड्ढा, मेजर एस.के. सूरी, पवन कुमार गोयल, रमेश डावर, परविंदर सिंह, अजय कालरा, संजय अरोड़ा, गुलशन धींगड़ा, कपिल डावर, अवनीश अग्रवाल, राकेश गाबा, सुधीर कर्णवाल, दीपक राज सिंघल, वरयाम खान, मुरली खन्ना, भोपाल सिंह सैनी, संजीव सचदेवा, अशोक मलिक, अनिल गर्ग, संजय महेश्वरी, अभिषेक भाटिया, संदीप सिंघल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे। जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में भी व्यापारियों ने रक्षा सूत्र बांधकर संगठन की एकजुटता और आपसी सहयोग का संकल्प लिया।








