रिपोर्ट : फैय्याज़ अली आब्दी
नानौता। रक्षाबंधन के पर्व पर पत्नी के साथ ससुराल गए परिवार के बंद मकान को चोरों ने निशाना बना लिया। चोर मकान में नकब लगाकर दाखिल हुए और कमरे में रखी सेफ का ताला तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण तथा 12 हजार रुपये की नकदी चोरी कर फरार हो गए। घटना की जानकारी मकान मालिक के शाम को वापस लौटने पर हुई।
क्षेत्र के ग्राम बूंदुगढ़ के बाहरी इलाके में बने मकान में रहने वाले अजीत पाल ने बताया कि रक्षाबंधन के अवसर पर वह अपनी पत्नी के साथ ससुराल गया हुआ था। दिन में मकान बंद था। शाम को जब वह वापस घर पहुंचा तो मुख्य दरवाजा खुला देखकर उसके होश उड़ गए। अंदर जाकर देखा तो कमरे में रखी सेफ का गेट टूटा हुआ था और उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात तथा करीब 12 हजार रुपये की नकदी गायब थी।
अजीत पाल ने घटना की सूचना तत्काल थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए वारदात के संबंध में जानकारी जुटाई। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर चोरी की घटना का जल्द खुलासा करने तथा आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
रक्षाबंधन जैसे पर्व पर दिनदहाड़े बंद मकान में हुई चोरी की घटना से क्षेत्र में भी चर्चा का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और चोरों की पहचान एवं गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
रिपोर्ट : फैय्याज़ अली आब्दी








