थाने के पीछे चोरों का ‘ऑपरेशन’, जनरेटर का अल्टरनेटर उड़ाया; पुलिस गश्त पर उठे सवाल

फतेहपुर में चोरी की वारदातों से हड़कंप, थाना परिसर से चंद कदम दूर स्कूल को बनाया निशाना; एक सप्ताह में दर्जनभर घटनाओं का दावा

अमित कुमार 

छुटमलपुर। थाना फतेहपुर क्षेत्र में चोरी की बढ़ती घटनाओं ने पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ताजा मामला थाना फतेहपुर के ठीक पीछे स्थित शहीद स्मारक स्कूल का है, जहां गुरुवार रात चोरों ने स्कूल को निशाना बनाकर जनरेटर का अल्टरनेटर और भारी मात्रा में लोहे का सामान चोरी कर लिया। थाने से बेहद नजदीक हुई चोरी की घटना से क्षेत्र में पुलिस व्यवस्था को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

बताया जा रहा है कि फतेहपुर थाना क्षेत्र में पिछले करीब एक सप्ताह के दौरान चोरी की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। स्थानीय लोगों का दावा है कि इस अवधि में करीब दर्जनभर चोरी की वारदातें हो चुकी हैं। लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं और वे बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।

ताजा घटना में चोरों ने थाना फतेहपुर के बिल्कुल बराबर स्थित शहीद स्मारक स्कूल में घुसकर जनरेटर का अल्टरनेटर निकाल लिया। इसके अलावा स्कूल परिसर से भारी मात्रा में लोहे का सामान भी चोरी कर लिया गया। सुबह स्कूल पहुंचने पर चोरी की जानकारी हुई तो हड़कंप मच गया।

थाने के पीछे और पुलिस की मौजूदगी वाले क्षेत्र में हुई इस वारदात ने पुलिस की रात्रि गश्त पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि थाने के पास स्थित संस्थान भी सुरक्षित नहीं हैं तो दूर-दराज के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।

लगातार चोरी की घटनाओं से क्षेत्रवासियों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। लोगों ने पुलिस अधिकारियों से रात्रि गश्त बढ़ाने, संदिग्ध लोगों की जांच करने तथा चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है। पुलिस की सक्रियता और चोरों पर अंकुश लगाने की कार्रवाई पर अब सभी की निगाहें टिकी हैं।

 

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य